मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेंध लेक में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल देखी, आकाशगंगा टीम और गरुड़ कमांडोज ने भी दिखाया अद्भुत कौशल

  





रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अदम्य शौर्य, साहस, अनुशासन और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल का अवलोकन किया। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जांबाजों ने अपने साहसिक करतबों और बेहतरीन तालमेल से उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय वायु सेना के जवानों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम का यह प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया है, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह आयोजन भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचायक है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि हमारा छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।

उन्होंने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है। टीम का प्रदर्शन यह संदेश देता है कि अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।

आकाशगंगा टीम ने पैराशूट से उतरकर दिखाया अद्भुत साहस

हवाई प्रदर्शन का शुभारंभ भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने किया। खुले आसमान से छलांग लगाते हुए जवानों ने अपने पैराशूट को कुशलतापूर्वक नियंत्रित किया और निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग कर अदम्य साहस, संतुलन और प्रशिक्षण का परिचय दिया। जवानों की सफल लैंडिंग पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

गरुड़ कमांडोज ने दिखाया विशेष ऑपरेशन का कौशल

इसके पश्चात भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का रोमांचकारी प्रदर्शन किया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर जवानों ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। उनकी त्वरित कार्रवाई, सटीक नियंत्रण और अनुशासित कार्यशैली ने दर्शकों को प्रभावित किया।

पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन रहा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में एक से बढ़कर एक आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए।

पायलटों ने अत्यंत सटीक नियंत्रण, संतुलन और बेहतरीन समन्वय के साथ हेलीकॉप्टरों का संचालन किया। कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक साथ आकर्षक फॉर्मेशन में नजर आए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद पुनः एक साथ निर्धारित संरचना में दिखाई दिए।

प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों का रोमांचकारी क्रॉसओवर करतब विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरते हेलीकॉप्टरों को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। हर नई फॉर्मेशन के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और पूरा परिसर तालियों से गूंजता रहा।

कॉकपिट से गूंजा 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया'

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष सम्मान भी प्रदर्शित किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। आसमान से गूंजे इस उद्घोष ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया।

तिरंगे की फॉर्मेशन और वंदे मातरम् से गूंजा आसमान

हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने 'वंदे मातरम्' की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में तिरंगे की आकर्षक छटा और हेलीकॉप्टरों के शानदार तालमेल ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से सराबोर कर दिया। इस शानदार प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का यादगार समापन हुआ।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा रही सारंग टीम

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। अपने शानदार हवाई करतबों और आकर्षक फॉर्मेशनों के माध्यम से यह टीम भारतीय वायु सेना की दक्षता, अनुशासन और तकनीकी उत्कृष्टता का परिचय देती है।

सारंग टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित दुनिया के अनेक देशों में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है।

2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन

फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन आयोजित होगा। इस आयोजन में आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के रोमांचकारी प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, भारतीय वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post