छठ महापर्व, पवित्र सिंदूर और मातृशक्ति पर कथित अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में सामाजिक संगठनों ने सिविल लाइन थाने एवं पुलिस अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। छठ महापर्व, पवित्र सिंदूर और महिलाओं को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में न्यायधानी बिलासपुर में आक्रोश देखने को मिला। मामले को लेकर पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज, छठ पूजा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने विरोध जताते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। बड़ी संख्या में समाजजन सिविल लाइन थाने एवं पुलिस कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।
5
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि छठ महापर्व, सिंदूर की परंपरा और महिलाओं की गरिमा से जुड़ी कथित अशोभनीय टिप्पणियां करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी धर्म, पर्व, परंपरा अथवा महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
बिलासपुर में छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता विशेष रूप से जुड़ी हुई है। शहर के छठ घाटों पर प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु सूर्योपासना के इस पावन पर्व में शामिल होते हैं। ऐसे में छठ पूजा, सिंदूर की परंपरा और महिलाओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से समाज के लोगों में नाराजगी सामने आई है।
इसी मामले में छठ पूजा समिति बिलासपुर ने थाना प्रभारी सिविल लाइन एवं एडिशनल एसपी शहर को आवेदन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच करने, प्राथमिकी दर्ज करने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आस्था, क्षेत्रीय सांस्कृतिक पहचान और महिलाओं की गरिमा का सम्मान सभी के लिए आवश्यक है।
विरोध प्रदर्शन में पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच बिलासपुर, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता की। समाजजन ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर शिकायत में लगाए गए आरोपों के अनुरूप उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
सोशल मीडिया की आजादी, लेकिन मर्यादा भी जरूरी : प्रवीण झा
छठ पूजा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। कॉमेडियन की कथित अशोभनीय टिप्पणी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व, क्षेत्रीय परंपरा या महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाना स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। सोशल मीडिया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक मर्यादा एवं जिम्मेदारी भी जरूरी है।
माफी से नहीं, निष्पक्ष कार्रवाई से मिलेगा न्याय : रौशन सिंह
छठ पूजा समिति के सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि समाज की मांग किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत द्वेष रखने की नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने की है। उन्होंने कहा कि लोकप्रियता हासिल करने के लिए समाज की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि वीडियो हटाने अथवा सार्वजनिक माफी देने से मामले की गंभीरता स्वतः समाप्त नहीं हो जाती। पुलिस प्रशासन को शिकायत की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर का सर्व समाज अपनी सांस्कृतिक अस्मिता और महिलाओं के सम्मान से जुड़े विषयों पर आवाज उठाता रहेगा।
कौन हैं यश माहेश्वरी, विवाद कैसे शुरू हुआ?
स्टैंडअप कॉमेडियन एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर यश माहेश्वरी के एक स्टैंडअप वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद सामने आया। वीडियो में छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा और महिलाओं को लेकर कथित अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के आरोप हैं।
विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी, लेकिन विभिन्न स्थानों पर विरोध और शिकायतों का सिलसिला जारी रहा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस मामले में पटना और दिल्ली में भी शिकायत एवं प्राथमिकी दर्ज होने की खबरें सामने आई हैं। अब बिलासपुर में भी सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
बड़ी संख्या में समाजजन एवं समिति पदाधिकारी रहे उपस्थित
विरोध एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान छठ पूजा समिति के अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, कुमुद रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, राजीव गिरी, राजीव कुमार, सी.एम. सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह, शशि नारायण मिश्रा, सतीश सिंह, रविंद्र कुशवाहा, धीरज झा, विकास राय, भरत भूषण झा, पंकज सिंह, विनोद सिंह, राम गोस्वामी, राजेश्वर शर्मा, बृजराज सिंह, मनोज सिंह, जटाशंकर झा, ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं छठ पूजा समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
.jpg)
