बाबा घासीदास की धरती पर समरसता को चुनौती? बेलतरा में छात्रावास की जमीन पर सड़क चौड़ीकरण, भू-माफियाओं के अतिक्रमण पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने उठाए सवाल

 




बेलतरा। बाबा गुरु घासीदास की धरती पर सामाजिक समरसता, समानता और न्याय की बात होती है, लेकिन बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के मामलों को लेकर अब प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठने लगे हैं। चांटीडीह स्थित साइंस कॉलेज के सामने से सब्जी मंडी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में बाबा गुरु घासीदास अनुसूचित जाति छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की आशंका को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है।


गौरहा ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल को प्रभावित करने की तैयारी की गई, जबकि दूसरी ओर सरकारी जमीनों पर कथित अतिक्रमण और भू-माफियाओं के कब्जों को लेकर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और समान रूप से कार्रवाई की मांग उठाई है।


छात्रावास की जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की आशंका


अंकित गौरहा के अनुसार, चांटीडीह स्थित साइंस कॉलेज के सामने से सब्जी मंडी तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया में अनुसूचित जाति छात्रावास एवं आदिवासी प्रशिक्षण केंद्र की लगभग 20 फीट जमीन और बाउंड्रीवॉल प्रभावित होने की आशंका सामने आई है। छात्रावास के विद्यार्थियों ने करीब तीन दिन पहले जिला प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। शिकायतों के बाद प्रशासन की ओर से सीमांकन का आदेश जारी किया गया और अब सीमांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।


गौरहा ने सवाल उठाया कि जब छात्रावास की जमीन की सीमा को लेकर विवाद और आपत्तियां सामने थीं, तो निर्माण कार्य से पहले निष्पक्ष सीमांकन क्यों नहीं कराया गया? उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल एक सरकारी भवन नहीं, बल्कि उन विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है, जो कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर अपने जीवन को नई दिशा देने का सपना देखते हैं।


उन्होंने कहा कि इस छात्रावास से शिक्षा प्राप्त कर कई विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर शासन-प्रशासन के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं। ऐसे संस्थानों की सुरक्षा, गरिमा और विद्यार्थियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।


छात्रहित से बड़ा क्या सड़क चौड़ीकरण का लक्ष्य?


गौरहा ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन विकास की प्रक्रिया में विद्यार्थियों की सुरक्षा, निजता और संस्थागत परिसर की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ठंड के मौसम में छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिसर और बाउंड्रीवॉल का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।


उन्होंने सवाल किया कि जब क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण की शिकायतें सामने आती रही हैं, तो उन मामलों में निष्पक्ष जांच और सीमांकन की कार्रवाई पहले क्यों नहीं की जा रही? छात्रावास की जमीन प्रभावित करने की स्थिति और अन्य कथित अतिक्रमणों के मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई की समानता भी अब चर्चा का विषय बन गई है।


बेलतरा क्षेत्र की सड़कों की बदहाली पर भी उठाए सवाल


अंकित गौरहा ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम इलाके में विभिन्न सड़कों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने मंगल चौक से दीनदयाल कॉलोनी, अशोक नगर से बिरकोना, चांटीडीह चौक से डीएलएस कॉलेज, सेंदरी से मोपका बाइपास, राजकिशोर नगर चौक से छठ घाट तथा साइंस कॉलेज से सब्जी मंडी तक के सड़क मार्गों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई मार्ग लंबे समय से बदहाली, अधूरे निर्माण और कार्य शुरू होने की प्रतीक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।


उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ निर्माण कार्यों को लेकर सड़क की दिशा बदलने, प्रस्तावित चौड़ाई कम करने और निजी हितों को प्राथमिकता दिए जाने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन को पारदर्शिता के साथ जांच कर जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।


सरकारी धन और संपत्ति की जवाबदेही तय हो


गौरहा ने कहा कि छात्रावास की जमीन अथवा बाउंड्रीवॉल प्रभावित करने से पहले विधिवत सीमांकन और सभी संबंधित दस्तावेजों की जांच जरूरी थी। यदि सीमांकन में निर्माण की प्रक्रिया, स्थान या निर्णय में किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है, तो सरकारी धन और संपत्ति के नुकसान की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।


उन्होंने निर्माण एजेंसी, संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने अथवा सार्वजनिक धन के अनुचित उपयोग की स्थिति में जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन का दायित्व है।


सीमांकन का स्वागत, लेकिन अतिक्रमण पर भी हो निष्पक्ष कार्रवाई


अंकित गौरहा ने छात्रावास की जमीन का सीमांकन शुरू होने को स्वागतयोग्य कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीमांकन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी होगी और छात्रावास की जमीन, बाउंड्रीवॉल तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।


उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क चौड़ीकरण, निर्माण कार्य या भूमिपूजन तक सीमित नहीं है। विकास का वास्तविक अर्थ जनता को बेहतर सुविधाएं देना, सरकारी जमीनों की रक्षा करना और विद्यार्थियों के भविष्य एवं अधिकारों को सुरक्षित रखना है।


गौरहा ने चेतावनी दी कि यदि सीमांकन के बाद भी छात्रहित और सरकारी संपत्ति की अनदेखी होती है तथा सरकारी जमीनों पर कथित अतिक्रमण के मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाती, तो कांग्रेस बेलतरा के नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।


उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की धरती पर सामाजिक समरसता और समानता के संदेश तभी सार्थक होंगे, जब समाज के वंचित वर्गों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा भी प्रशासन एवं सरकार की प्राथमिकता होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post