बिलासपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर बिलासपुर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति बिलासपुर के पदाधिकारियों ने 6 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
आयोजन समिति की ओर से मुख्यमंत्री को 16 नवंबर 2026, सोमवार को बिलासपुर में आयोजित जनजाति गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीयता के साथ आमंत्रण स्वीकार करते हुए दोपहर 2 बजे कार्यक्रम में पहुंचने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।
मुख्यमंत्री द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने की जानकारी मिलते ही आदिवासी समाज एवं आयोजन समिति में हर्ष और उत्साह का माहौल है। समाज के लोगों ने इसे जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरव के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को 'वन बंधु' नामक पुस्तक भी भेंट की गई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में सामाजिक कार्यकर्ता राजीव शर्मा, अनुराग जैन, जितेंद्र कुमार ध्रुव, राजीव ध्रुव एवं धनेश्वर सिंह नेताम शामिल रहे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति बिलासपुर के संयोजक राजीव ध्रुव ने बताया कि 16 नवंबर को आयोजित होने वाला यह समारोह जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति, परंपराओं और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं बलिदान को समर्पित रहेगा। मुख्यमंत्री की सहमति से आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह है।
आयोजन समिति ने जनजाति गौरव दिवस समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के सभी लोगों से सहभागिता की अपील की है।
