रायपुर, 9 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को अक्सर मौसम और बारिश पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना पूरी होने से किसानों को इस समस्या से काफी राहत मिलेगी। खरीफ के साथ-साथ रबी फसल के लिए भी पानी उपलब्ध होगा, जिससे किसान साल में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई व्यवस्था है। इसका संचालन मोबाइल के माध्यम से किया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ में इस तरह की आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है। इससे जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और प्रभावी होगा।
उन्होंने कहा कि बैराज के निर्माण से क्षेत्र में वर्षभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिलने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और खेती-किसानी में नई संभावनाएं विकसित होंगी। सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, खेती की लागत कम हो और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो।
उल्लेखनीय है कि बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। इस परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित कुल 13 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और कृषि आधारित आजीविका को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परियोजना के भूमिपूजन पर क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
