डगर-डगर उजियारा अभियान के तहत विभिन्न स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन, 12 नवंबर को यज्ञ स्थल में होगा भव्य दीपोत्सव

 

भाटापारा। दीपावली महापर्व के अवसर पर खुशियां बांटने, आपसी सौहार्द बढ़ाने और समाज में उजियारा फैलाने के विराट संदेश के साथ पूरे क्षेत्र में उत्साह एवं उमंग का वातावरण देखने को मिला। धनतेरस पर बाजारों में जहां जमकर खरीदारी हुई, वहीं महालक्ष्मी पूजन के दिन पूजा-अर्चना एवं आतिशबाजी से नगर जगमगा उठा।








धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों के प्रसार में निरंतर सक्रिय नगर की रचनात्मक संस्था सरयू साहित्य परिषद द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 'डगर-डगर दीप अर्पण एवं दीपोत्सव अनुष्ठान' का आयोजन किया गया। अभियान के तहत महालक्ष्मी पूजन दिवस पर नगर के विभिन्न मंदिरों, तालाबों एवं कुओं में दीप प्रज्ज्वलित कर आस्था और सम्मान की सुंदर अभिव्यक्ति की गई।


अभियान के द्वितीय दिवस विराट व्यक्तित्वों एवं महापुरुषों के स्मरण में नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर दीप अर्पित किए गए। इस दौरान दानवीर भामाशाह चौक, छत्तीसगढ़ महतारी चौक, कांग्रेस भवन स्थित गांधी प्रतिमा, इतवारी राम विद्यालय में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा, भारतमाता चौक, जय स्तंभ चौक एवं शहीद स्मृति परिसर में शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोंडे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया।


इस अवसर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के एडवाइजरी पैनल के सदस्य प्रकाश मोदी ने 'डगर-डगर उजियारा अभियान' की सराहना करते हुए सभी नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महापर्व के व्यापक सामाजिक एवं आध्यात्मिक संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।


वहीं सेवानिवृत्त व्याख्याता मोहन लाल वर्मा एवं डॉ. वाई.पी. सोनी ने सुमधुर गीतों के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों तथा महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना को मनमोहक ढंग से प्रस्तुत किया। पत्रकार ललित तिवाड़ी, शिक्षक मानिक चंद्र यादव एवं राजेंद्र ओझा ने अपने उद्बोधन में दीपावली पर्व के महत्व और अभियान के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम का संचालन मुकेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में गिरधर गोपाल शर्मा ने आभार व्यक्त किया।


12 नवंबर को होगा भव्य दीपोत्सव


'डगर-डगर उजियारा अभियान' का समापन 12 नवंबर, गुरुवार को नाका नंबर-1 स्थित यज्ञ स्थल पर भव्य दीपोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह के साथ किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से एक बार फिर सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना, आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post