सिर्रीखुर्द। छुईहा संकुल अंतर्गत सिर्रीखुर्द में मितानिन बहनों के सम्मान में संकुल स्तरीय सम्मान समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिन बहनों के महत्वपूर्ण योगदान, सेवाभाव और समर्पण को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक खोमन लाल सिन्हा गुरुजी, कार्यक्रम की अध्यक्षता मितानिन प्रशिक्षक पार्वती सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण से पुरस्कृत शिक्षिका धनेश्वरी सिन्हा रहीं।
मुख्य अतिथि खोमन लाल सिन्हा गुरुजी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी और गांव की स्वास्थ्य प्रहरी हैं। वे घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण एवं विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करती हैं। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, बच्चों और जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मितानिन बहनों के निस्वार्थ सेवा, समर्पण और जागरूकता के प्रयासों से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज की दिशा में निरंतर योगदान मिल रहा है।
विशिष्ट अतिथि धनेश्वरी सिन्हा ने मितानिन बहनों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना, जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और कठिन परिस्थितियों में भी सेवाभाव के साथ कार्य करना अत्यंत सराहनीय है। मितानिन बहनों का योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है और उनके कार्यों को सम्मानित करना हम सभी का दायित्व है।
समारोह में उपस्थित मितानिन बहनों के सेवाभाव, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन लोकेश्वरी साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पुष्पा कंवर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कमला सिन्हा, प्रेमीन सिन्हा, चेमिन तारक, रामेश्वरी सिन्हा, पुष्पा कंवर, शारदा सिन्हा, सरस्वती कंडरा, लोकेश्वरी साहू, झामीन साहू, ईश्वरी विश्वकर्मा, ईश्वरी बंजारे, ललिता साहू, पूनम साहू, भानु साहू, खेमीन दीवान, टिकेश्वरी सिन्हा, मोहिनी ध्रुव, निर्मला निर्मलकर, दुलारी सिन्हा, कांति ध्रुव, नरेन्द्र मार्कंडेय एवं लीलाराम मतावले सहित बड़ी संख्या में मितानिन बहनों की उपस्थिति रही।
समारोह के समापन पर मितानिन बहनों के निस्वार्थ सेवाभाव, कर्तव्यनिष्ठा एवं ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने में उनके योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
