डगर-डगर उजियारा अभियान का भव्य समापन, यज्ञस्थल में हुआ विराट दीपोत्सव दीपों की कतारों से जगमगाया यज्ञस्थल, जय श्रीराम की दीपमय आकृति और रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

 





भाटापारा। सनातन संस्कृति में पर्व एवं त्योहार केवल उल्लास के अवसर ही नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, प्रेरणा और मानवीय मूल्यों का संदेश देने वाले पर्व हैं। दीपावली भी प्रकाश, खुशहाली और आपसी सद्भाव का ऐसा महापर्व है, जो स्वयं के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में उजियारा फैलाने की प्रेरणा देता है।


इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर की रचनात्मक संस्था सरयू साहित्य परिषद एवं नगर के सुधीजनों द्वारा पिछले वर्ष प्रारंभ की गई अभिनव पहल ‘डगर-डगर उजियारा अभियान’ का इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया। महालक्ष्मी पूजन दिवस से प्रारंभ हुए अभियान का समापन यज्ञस्थल में विराट दीपोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह के रूप में हुआ।


### मंदिरों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप अर्पण


अभियान के तहत महालक्ष्मी पूजन दिवस पर नगर के विभिन्न मंदिरों, तालाबों, कुओं एवं आस्था स्थलों में दीप अर्पित किए गए। दूसरे दिन प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रकाश एवं सकारात्मकता का संदेश दिया गया। इसी क्रम में यज्ञस्थल में भव्य दीपोत्सव के साथ अभियान का समापन हुआ।


### हनुमान चालीसा एवं भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण


कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान लला के पूजन-अर्चन से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। ललित तिवाड़ी एवं मोहन लाल वर्मा की सुरमयी भजन प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिभाव से सराबोर कर दिया।


### दीपों की जगमगाहट और आतिशबाजी बनी आकर्षण


यज्ञस्थल परिसर में दीपों की विराट कतारों से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा। दीपों से बनाई गई ‘जय श्रीराम’ की आकर्षक आकृति और मनोहारी रंगोली आयोजन का विशेष आकर्षण रही। वहीं भव्य आतिशबाजी ने दीपोत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।


### दीपावली शुभकामनाओं एवं प्रसादी वितरण के साथ समापन


मुकेश शर्मा के संचालन में आयोजित दीपोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह का समापन उपस्थित नागरिकों द्वारा एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देने तथा प्रसादी वितरण के साथ हुआ।


आयोजन में श्याम सुंदर पुरोहित, शंकरलाल सोनी, संजय तिवारी, डॉ. वाय.पी. सोनी, गिरधर गोपाल शर्मा, अजय तिवारी, राजेन्द्र ओझा, भूमेश पाण्डेय, सक्षम मिश्रा, माणिकचन्द्र यादव, सुरेश यादव, रवि केसरवानी, सरिता रानी शर्मा, किरण पाण्डेय, मुस्कान शर्मा, महक शर्मा, मीत शर्मा, माही शर्मा, रोचक पाण्डेय एवं खुशी पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post