राज्योत्सव 2026: जनसम्पर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, विकास और उपलब्धियों की दिखी झलक

 

रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। लोक संस्कृति के माधुर्य, समृद्ध परंपरा और सामाजिक एकता को दर्शाती इस प्रदर्शनी में 'नवनिर्माण के 26 वर्ष एवं विकास पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़' की थीम पर प्रदेश की विकास यात्रा को आकर्षक झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।



प्रदर्शनी में सुशासन से समृद्धि, निवेश से औद्योगिक प्रगति, समृद्ध संस्कृति और परिवर्तन का गढ़ जैसे विषयों के माध्यम से प्रदेश की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नक्सल प्रभावित बस्तर में आए सकारात्मक बदलाव और विकास की नई तस्वीर भी दिखाई गई है। कभी नक्सलवाद और हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में अब शांति, सुशासन और विकास की नई राह खुल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आए बदलावों को प्रदर्शनी में विशेष रूप से दर्शाया गया है।


प्रदर्शनी में युवाओं, बच्चों, महिलाओं, किसानों सहित सभी वर्गों के लोगों ने पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ जनमन पुस्तक एवं शासकीय योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित ब्रोशर का निःशुल्क वितरण भी किया गया।


प्रदर्शनी में चलित मनोरंजक रोबोट बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण बना रहा। आदिवासी संस्कृति को प्रदर्शित करते रोबोट के साथ बच्चों ने हाथ मिलाया और तस्वीरें खिंचवाकर इस पल को यादगार बनाया।


डिजिटल एलईडी और ई-कॉर्नर बना लोगों की पसंद


राज्योत्सव मैदान में जनसम्पर्क विभाग द्वारा स्थापित डिजिटल एलईडी एवं ई-कॉर्नर में पहले दिन से ही आगंतुकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है। इस दौरान रायपुर निवासी रीतिका साहू अपने 7 वर्षीय बेटे वीरांश के साथ डिजिटल स्टॉल पहुंचीं।


उन्होंने बताया कि डिजिटल एलईडी स्क्रीन और छत्तीसगढ़ से संबंधित सामान्य ज्ञान क्विज बच्चों के लिए बेहद उपयोगी है। इसके माध्यम से बच्चे प्रदेश की संस्कृति, सभ्यता और विशेषताओं के बारे में रोचक तरीके से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने रोबोट की भी सराहना की और अपने बेटे के साथ तस्वीर खिंचवाई।


इसी तरह रायपुर से पहुंचे सुलभ सौरभ, अनिल रामटेके तथा ग्राम परसदा (राजिम) निवासी टिकेश्वर निषाद ने भी डिजिटल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने नवीन तकनीक के माध्यम से शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की सराहना की। आगंतुकों ने ई-कॉर्नर में प्रदर्शित 'सुशासन से समृद्धि' की झांकी को प्रदेश के विकास का आईना बताया।


सुशासन से समृद्धि और औद्योगिक विकास की उपलब्धियों का प्रदर्शन


प्रदर्शनी में सुशासन और औद्योगिक प्रगति से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसमें 942 सरकारी सेवाएं सेवा सेतु के माध्यम से घर बैठे उपलब्ध होने, 740 से अधिक सरकारी सेवाओं को छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत कानूनी अधिकार मिलने और सुशासन तिहार में 50 लाख आवेदनों के निराकरण जैसी जानकारियां शामिल हैं।


इसके साथ ही नवा रायपुर में आकार ले रहे प्रदेश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क, दूसरे सेमीकंडक्टर यूनिट के निर्माण और सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 187 सेवाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से दी जा रही है।


समृद्ध संस्कृति और पर्यटन का गढ़ छत्तीसगढ़


छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पर्यटन स्थलों को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया है। इसमें 600 वर्ष पुरानी परंपरा और 75 दिनों तक चलने वाले विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा, 52 शक्तिपीठों में शामिल दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर, धान की 23 हजार से अधिक किस्मों की पहचान रखने वाले धान के कटोरे छत्तीसगढ़ तथा 300 मीटर चौड़े चित्रकोट जलप्रपात को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।


इसके अलावा प्रदेश के 44 प्रतिशत से अधिक वनक्षेत्र और प्राकृतिक हरियाली को भी छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान के रूप में प्रस्तुत किया गया है।


जनसम्पर्क विभाग की यह प्रदर्शनी राज्योत्सव में पहुंच रहे लोगों को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं, औद्योगिक उपलब्धियों, समृद्ध संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post