रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मेला मैदान का शिल्पग्राम मंच रविवार को लोककला, संगीत और नृत्य के अद्भुत संगम का साक्षी बना। कहीं लोकगीतों की सुरीली तान गूंजती रही, तो कहीं पंडवानी की ओजस्वी प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। गिटार की मधुर धुनों, फ्यूजन बैंड की आधुनिक संगीत शैली और शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया।
राज्योत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक लोककलाओं और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
पंडवानी की ओजस्वी प्रस्तुति से जीवंत हुई छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा
छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात लोकगाथा पंडवानी की प्रस्तुति कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही। दुर्ग के चेतन देवांगन और रायपुर की दुर्गा साहू ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से महाभारत की कथाओं और छत्तीसगढ़ की समृद्ध वाचिक परंपरा को मंच पर साकार किया। कथा, संगीत और अभिनय के सुंदर समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गिटार की धुनों और फ्यूजन बैंड ने बिखेरे संगीत के रंग
सांस्कृतिक कार्यक्रम में रायपुर के शिवेन्द्र मण्डावी ने लोकसंगीत एवं गिटार वादन की प्रस्तुति दी। वहीं राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में रिदम ट्विंस बैंड और संतोष कुमार सिन्हा के फ्यूजन बैंड ने आधुनिक संगीत की शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा। पारंपरिक और आधुनिक संगीत के मेल ने शिल्पग्राम मंच को सुरों और तालों से सराबोर कर दिया।
शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति ने बिखेरी भारतीय कला की छटा
अनुप्रिया सुल्ताना ने शास्त्रीय नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से भारतीय नृत्य परंपरा की सुंदरता को मंच पर साकार किया। नृत्य की भावपूर्ण मुद्राओं, लयबद्ध पदचाप और आकर्षक कलात्मक अभिव्यक्ति ने दर्शकों को प्रभावित किया।
ढोलामारू और लोकमंच की प्रस्तुतियों में दिखी छत्तीसगढ़ की माटी की महक
दुर्ग की रजनी रजक ने लोकमंच एवं ढोलामारू की प्रस्तुति के माध्यम से पारंपरिक लोककथाओं और लोकजीवन की भावनाओं को जीवंत किया। वहीं बिलासपुर की वंदिता साहू ने लोकसंगीत की मधुर प्रस्तुति दी। पायल साहू ने लोकमंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोककला के विविध रंग बिखेरे।
इन प्रस्तुतियों में प्रदेश की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और माटी की सौंधी महक का सुंदर समावेश देखने को मिला।
लोककलाकारों की प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव बना राज्योत्सव
शिल्पग्राम मंच पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विविधता की शानदार झलक प्रस्तुत की। पंडवानी की गौरवशाली परंपरा, लोकसंगीत की मिठास, ढोलामारू की लोकगाथा, शास्त्रीय नृत्य की कलात्मकता और आधुनिक बैंड की प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव को बहुरंगी सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों के लिए इस शाम को यादगार बना दिया।



