छत्तीसगढ़ के 26 वर्ष: संघर्ष, संकल्प और सर्वांगीण विकास की स्वर्णिम गाथा

 


छत्तीसगढ़ के 26 वर्ष: संघर्ष, संकल्प और 

एक नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ भारत के 26वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का सपना साकार हुआ। उस समय सीमित संसाधनों, प्रशासनिक चुनौतियों और पिछड़ेपन के बीच नए राज्य के सामने विकास की मजबूत नींव रखने की बड़ी जिम्मेदारी थी।


आज स्थापना के 26 गौरवशाली वर्ष पूरे करते हुए छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास के क्षेत्र में प्रदेश की यात्रा इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी सोच और जनभागीदारी से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।


बजट और अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक छलांग


राज्य गठन के शुरुआती दौर में लगभग 7,000 से 8,000 करोड़ रुपये के बजट से विकास यात्रा शुरू करने वाला छत्तीसगढ़ आज लगभग 1.72 लाख करोड़ रुपये के बजट तक पहुंच चुका है। यह राज्य की आर्थिक प्रगति और बढ़ती विकास क्षमता को दर्शाता है।


देश के धान के कटोरे के रूप में पहचान रखने वाला छत्तीसगढ़ आज अपनी खनिज संपदा, कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट, इस्पात, सीमेंट और ऊर्जा उत्पादन के कारण देश के औद्योगिक मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान रखता है। वैश्विक निवेश और आधुनिक उद्योगों के विस्तार से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।


महिला सशक्तिकरण: आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम


महिला सशक्तिकरण साय सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 31 किस्तों में लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।


प्रदेश में 13.85 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। बिहान मिशन के अंतर्गत 31 लाख से अधिक गरीब परिवारों की महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी निभा रही हैं।


महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से संपत्ति की रजिस्ट्री में पंजीयन शुल्क पर 50 प्रतिशत और स्टाम्प शुल्क में एक प्रतिशत की रियायत भी दी गई है। इन प्रयासों से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।


ग्रामीण अर्थव्यवस्था की ताकत हैं हमारे किसान


छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्रदेश में अब तक 24.40 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। औसतन प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास पूर्ण किए जा रहे हैं। पुराने और नए स्वीकृत आवासों को मिलाकर ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक घर लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं।


किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान बेचने की सुविधा दी गई। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25.24 लाख किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को लगभग 43,723 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई।


धान खरीदी व्यवस्था में ऑनलाइन टोकन, बायोमेट्रिक सत्यापन और रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसी तकनीकी सुविधाओं से पारदर्शिता और सुगमता बढ़ी है।


बस्तर संभाग के दूरस्थ, दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई है। बस्तर की 485 बसाहटों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए स्वीकृति मिली है। वहीं 280 अन्य बसाहटों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिए 804.06 करोड़ रुपये की लागत के 263 सड़क कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देने और दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास जारी हैं।


आधारभूत संरचना और संपर्क का विस्तार


बीते 26 वर्षों में छत्तीसगढ़ के आधारभूत ढांचे में व्यापक बदलाव आया है। ग्रामीण सड़क नेटवर्क के विस्तार से गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम हुआ है। राजधानी रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर जैसी आधुनिक शहरी बसाहटों ने प्रदेश को नई पहचान दी है।


दूरस्थ आदिवासी और वनांचलों तक बिजली, पेयजल, सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। मोबाइल और इंटरनेट सुविधाओं ने गांवों और शहरों के बीच की दूरियों को कम किया है। नवा रायपुर में डेटा सेंटर और आधुनिक तकनीक से जुड़ी परियोजनाएं नई अर्थव्यवस्था के द्वार खोल रही हैं।


छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास का प्रमुख उद्देश्य रोजगार सृजन और युवाओं के लिए नए अवसरों का विस्तार है। प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, कृषि उत्पादन और बेहतर आधारभूत संरचना निवेश के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करते हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, टेक्सटाइल और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है।


प्रदेश ने 450 से अधिक ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुधार लागू किए हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट 2026 लाने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना। जन विश्वास सुधारों के माध्यम से 279 छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर किया गया है।


वन-क्लिक सिंगल विंडो व्यवस्था, सरल भूमि डायवर्जन और रजिस्ट्री के बाद स्वतः नामांतरण जैसे सुधारों से उद्योगों और आम नागरिकों के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है। नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के बाद 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 1.72 लाख से अधिक संभावित रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।


शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास


किसी भी राज्य की वास्तविक प्रगति उसके नागरिकों के शिक्षा और स्वास्थ्य के स्तर से तय होती है। पिछले 26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने इन क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय प्रगति की है।


प्रदेश की साक्षरता दर बढ़कर लगभग 79 प्रतिशत तक पहुंच गई है। जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में विस्तार से स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ा है। इसके साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


बिहान योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका और आर्थिक स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इससे सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिली है।


मेडिकल कॉलेजों की संख्या में इजाफा


राजधानी रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र में मेडिसिटी हब विकसित किया जा रहा है। इसमें 5,000 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की योजना है। रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में 700 बिस्तरों का अस्पताल और प्रदेश में चार नए मेडिकल कॉलेजों के विस्तार की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।


राज्य में शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना, श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना, दाई-दीदी मोबाइल क्लीनिक योजना और बच्चों के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।


स्वस्थ छत्तीसगढ़ की परिकल्पना हो रही साकार


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि चिकित्सा सेवाओं के विस्तार को गति देते हुए गुणवत्तापूर्ण उपचार की उपलब्धता दूरस्थ क्षेत्रों तक सुनिश्चित की जा रही है। स्वास्थ्य अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और सेवाओं की पहुंच में सुधार के माध्यम से स्वस्थ छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है। यह विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की प्राप्ति का महत्वपूर्ण आधार बनेगा।


उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं। आज छत्तीसगढ़ में आईआईएम, आईआईटी, ट्रिपल आईटी, एनआईटी, एम्स और लॉ यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं संचालित हैं। स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में भी विस्तार हुआ है, हालांकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के लिए अभी निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है।


सुरक्षा, शांति और बस्तर की नई सुबह


छत्तीसगढ़ के विकास के रास्ते में लंबे समय तक नक्सलवाद सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक रहा है। पिछले कुछ वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों ने प्रभावी अभियान चलाए हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में नए सुरक्षा शिविरों की स्थापना के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है।


बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। सुरक्षा और विकास की संयुक्त पहल से प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को बेहतर बनाने तथा नागरिकों के लिए सुरक्षित भविष्य तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा संगम


छत्तीसगढ़ ने अपनी विकास यात्रा में सांस्कृतिक जड़ों और आदिवासी विरासत को भी सहेजकर रखा है। बस्तर की लोकसंस्कृति, कर्मा-सुआ नृत्य, पारंपरिक त्योहार, छत्तीसगढ़ी भाषा और खानपान प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं।


डिजिटल माध्यमों, सांस्कृतिक आयोजनों और राज्योत्सव जैसे मंचों के जरिए स्थानीय कला, शिल्प और परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। धान का कटोरा कहलाने वाला छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, बस्तरिया परंपराओं, हरेली उत्सव, सिरपुर के ऐतिहासिक वैभव और लोककलाओं को सहेजते हुए आधुनिक तकनीक एवं औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है।


नवा रायपुर अटल नगर में निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय इस सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां 14 से 15 विषय आधारित दीर्घाओं के माध्यम से आदिवासी समाज के इतिहास, परंपराओं, संघर्षों और जीवनशैली को प्रदर्शित किया गया है।


संग्रहालय में बस्तर के घोटुल संस्थान, पारंपरिक कृषि, शिकार, चिकित्सा पद्धति, लोकनृत्य और नवाखानी एवं उरिदखानी जैसी परंपराओं को दर्शाया गया है। हलबा विद्रोह, परलकोट विद्रोह, भूमकाल आंदोलन और रानी चो-रिस के नेतृत्व वाले संघर्षों को वर्चुअल रियलिटी और वीएफएक्स तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।


इसके अतिरिक्त जनजातीय वाद्ययंत्रों, पारंपरिक आवास, घरेलू उपकरणों, कृषि तकनीकों, लौह निर्माण, रस्सी निर्माण, बांसकला, काष्ठकला, चित्रकारी, गोदना कला और शिल्पकला का भी प्रदर्शन किया गया है। यह संग्रहालय नई पीढ़ी को आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।


विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की ओर अग्रसर


छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक संसाधनों, कृषि उत्पादन, खनिज संपदा और मानव संसाधन को आर्थिक अवसरों में बदलने की अपार क्षमता है। राज्य का लक्ष्य किसानों को समृद्ध करना, महिलाओं को सशक्त बनाना और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उनके मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के तहत विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में प्रयासरत है।


बस्तर के जंगलों में स्थापित सुरक्षा कैंप अब दूरस्थ गांवों के लिए सेवा और विकास के केंद्र के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा शुरू की गई है। बस्तर में सड़क, पुल, मोबाइल नेटवर्क, उचित मूल्य दुकान, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076: नागरिकों की संतुष्टि और समाधान ही प्राथमिकता


सुशासन का वास्तविक अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, समयबद्धता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है।


शासकीय कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार होना चाहिए। उसकी समस्या को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है। यदि कोई कार्य संभव नहीं है, तो नागरिक को उसका स्पष्ट कारण बताया जाना चाहिए, ताकि उसे बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


नागरिकों की संतुष्टि, समस्याओं का वास्तविक समाधान और बेहतर प्रशासनिक व्यवहार ही सुशासन की सफलता के महत्वपूर्ण पैमाने हैं।


26 वर्षों की यात्रा, भविष्य के लिए नए संकल्प


छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की युवा विकास यात्रा संघर्ष, संकल्प और उपलब्धियों की कहानी है। इस दौरान प्रदेश ने भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।


हालांकि, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभी भी महत्वपूर्ण लक्ष्य हैं।


विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आगे बढ़ता यह प्रदेश अपनी प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विरासत, मेहनतकश जनता और विकास की संभावनाओं के बल पर भविष्य की नई इबारत लिखने की दिशा में अग्रसर है। स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने पर छत्तीसगढ़ की यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए नए सपनों, नए संकल्पों और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बन रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post