दीपावली पर सरयू साहित्य परिषद का अनूठा आयोजन, ‘विविध डगर दीप अर्पण अनुष्ठान’ से जगमग होंगे सार्वजनिक स्थल

 



जनभागीदारी से मंदिरों, स्कूलों, अस्पतालों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के स्थलों पर प्रज्ज्वलित किए जाएंगे दीप


डगर-डगर उजियारा अभियान के माध्यम से प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देने की तैयारी


सनातन संस्कृति में पर्व-त्योहार केवल उल्लास और उमंग के अवसर नहीं होते, बल्कि वे जीवन मूल्यों, सामाजिक एकता और सकारात्मकता के व्यापक संदेश भी देते हैं। दीपावली ऐसा ही पावन पर्व है, जो अंधकार पर प्रकाश, निराशा पर आशा और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। खुशियां और उजियारा बांटने के इसी उद्देश्य से नगर की रचनात्मक संस्था सरयू साहित्य परिषद द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली महापर्व पर ‘विविध डगर दीप अर्पण अनुष्ठान’ का आयोजन किया जा रहा है।


इस अभियान के अंतर्गत नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जनभागीदारी से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। पिछले वर्ष दीपोत्सव के अवसर पर मंदिरों, स्कूलों, अस्पतालों, चौक-चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं सहित अनेक सार्वजनिक स्थलों पर दीप अर्पित किए गए थे। इसके पश्चात यज्ञस्थल नाका नंबर एक में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई थी।


इस वर्ष भी ‘डगर-डगर उजियारा’ अभियान को लेकर तैयारियां जारी हैं। परिषद का उद्देश्य दीपावली के प्रकाश को नगर के प्रत्येक सार्वजनिक स्थल तक पहुंचाने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और सकारात्मकता की भावना को मजबूत करना है।


सरयू साहित्य परिषद ने इस पुनीत अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने और दीप अर्पण अनुष्ठान में सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post