बिलासपुर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का उप मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, प्रदेशवासियों को दी राज्य स्थापना दिवस की बधाई

 

बिलासपुर, 2 नवंबर 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त नारियों और हुनरमंद युवाओं की भागीदारी से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण, आधारभूत संरचना के विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।



उप मुख्यमंत्री साव ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं और कठिनाइयों को समझते हुए पृथक राज्य की सौगात दी। धन-धान्य, वन और खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ को अलग पहचान दिलाने वाले अटल जी सदैव प्रदेशवासियों के हृदय में बसे रहेंगे। उनके सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना राज्य सरकार का संकल्प है।


सशक्त नारी और युवा उड़ान है राज्योत्सव की थीम


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव की थीम 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती है। महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। वहीं युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास के लिए नए संस्थान प्रारंभ किए जा रहे हैं। फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर के निर्माण की पहल से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं।


खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध


उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है। खेल अलंकरण सम्मान पुनः शुरू किया गया है। पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में सुदूर गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा अवसर मिला।


उन्होंने मैनपाट की टीम के कक्षा 11वीं के खिलाड़ी मोहित के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी अपनी प्रतिभा के दम पर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रहे हैं और सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।


विकास कार्यों को मिल रही नई गति, निवेश के लिए आकर्षित हो रहे उद्योगपति


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है। बिलासपुर में बड़ी संख्या में सड़कों की स्वीकृति मिली है और आधारभूत संरचना का लगातार विस्तार हो रहा है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेहतर औद्योगिक नीति के कारण देश और दुनिया के निवेशक छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए रुचि दिखा रहे हैं। पहले छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सलवाद से जुड़ी खबरों के कारण होती थी, लेकिन अब नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ और अधिक खुशहाल एवं समृद्ध बनेगा।


विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा प्रदेश : महापौर पूजा विधानी


महापौर पूजा विधानी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य का दर्जा देकर एक विशिष्ट पहचान दी। राज्य गठन के बाद प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है और प्रदेश विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।


स्वाति दीदी का सम्मान, विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन


कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शासकीय योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।


समारोह में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों का उपस्थित दर्शकों ने देर रात तक आनंद उठाया।


इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, दीपक सिंह ठाकुर और मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post