जियो-पोर्टल से मजबूत होगा छत्तीसगढ़ का डेटा आधारित शासन, विकास योजनाओं को मिलेगी नई दिशा

 



एआई आधारित चैट बॉट से एक क्लिक पर मिलेगी भौगोलिक जानकारी


190 से अधिक जीआईएस डेटा लेयर्स का एकीकरण, 35 से ज्यादा जीआईएस आधारित टूल्स विकसित


औद्योगिक भूमि चयन से लेकर बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार तक उपयोगी साबित होगी आधुनिक तकनीक


रायपुर, 04 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सुशासन को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, संसाधनों के उचित प्रबंधन और सटीक निर्णय प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) द्वारा नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में ‘शासन में भू-स्थानिक तकनीक का उपयोग’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।


कार्यशाला में राज्य के विभिन्न विभागों के 200 से अधिक अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इस दौरान राज्य स्तरीय जियो-पोर्टल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित चैट बॉट और डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के माध्यम से सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।


190 से अधिक जीआईएस डेटा लेयर्स का एकीकरण


कार्यशाला का शुभारंभ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद ने किया। उन्होंने बताया कि चिप्स द्वारा राज्य के लिए 190 से अधिक जीआईएस डेटा लेयर्स का एकीकरण किया जा चुका है। इसके आधार पर विभिन्न विभागों की जरूरतों के अनुसार 35 से अधिक जीआईएस आधारित टूल्स एवं समाधान विकसित किए गए हैं।


इन तकनीकी सुविधाओं से विभागों को भौगोलिक आंकड़ों का विश्लेषण करने, उपलब्ध संसाधनों की वास्तविक स्थिति समझने और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने में मदद मिल रही है।


कार्यशाला का उद्देश्य राज्य स्तरीय जियो-पोर्टल एवं डिसीजन सपोर्ट सिस्टम से जिला और विभागीय अधिकारियों को परिचित कराना था। इसके माध्यम से जिला स्तर पर उपलब्ध भौगोलिक आंकड़ों के आधार पर विकास की जरूरतों की पहचान और योजनाओं की प्राथमिकता तय करने को प्रोत्साहित किया जाएगा। चिप्स द्वारा सभी जिलों को जियो-पोर्टल के उपयोग के लिए यूजर नेम और पासवर्ड भी जारी किए जा चुके हैं।


एआई चैट बॉट से एक क्लिक पर मिलेगी जानकारी


कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण जियो-पोर्टल पर विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नया चैट बॉट फीचर रहा। इस सुविधा के माध्यम से अब उपयोगकर्ता किसी क्षेत्र, स्थान, परिसंपत्ति या स्थल का नाम चैट बॉट में दर्ज कर सीधे संबंधित स्थान तक पहुंच सकेंगे।


इसके लिए लंबी सूची या ड्रॉप-डाउन मेन्यू में स्थान खोजने की जरूरत नहीं होगी। नाम दर्ज करते ही जियो-पोर्टल का डिजिटल मानचित्र संबंधित स्थान पर पहुंच जाएगा। साथ ही उस स्थान से जुड़ी भौगोलिक जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश भी स्क्रीन पर दिखाई देंगे।


इससे अधिकारियों को जरूरी सूचनाएं कम समय में उपलब्ध होंगी और जियो-पोर्टल का उपयोग पहले से अधिक आसान एवं सुविधाजनक बनेगा।


औद्योगिक विकास और बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार में मिलेगी मदद


चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक अग्रवाल ने जियो-पोर्टल और डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा औद्योगिक भूमि के चयन एवं नियोजन के लिए 'लैंड पैच एनालिसिस' का उपयोग किया जा रहा है।


इस तकनीक से संभावित औद्योगिक भूखंडों की पहचान, उपलब्ध भूमि का डिजिटल विश्लेषण और उद्योगों के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।


इसी तरह संस्थागत वित्त संचालनालय (डीआईएफ) द्वारा 'बैंक कवरेज एनालिसिस' के माध्यम से बैंकिंग सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों की पहचान की जा रही है। इससे नई बैंक शाखाएं खोलने के लिए उपयुक्त स्थानों का निर्धारण करने में मदद मिलेगी।


इस प्रकार जीआईएस तकनीक औद्योगिक विकास, वित्तीय समावेशन, संसाधन प्रबंधन और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


विशेषज्ञों ने साझा की आधुनिक जीआईएस तकनीक की जानकारी


कार्यशाला में ईसरी इंडिया (Esri India) और ऑक्टेव इंडिया के विशेषज्ञों ने विशेष प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान जीआईएस तकनीक के नवीनतम अनुप्रयोगों, आधुनिक भू-स्थानिक समाधानों और सरकारी कामकाज में इनके उपयोग की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।


कार्यशाला में नई दिल्ली से पहुंचे ईसरी इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत जोशी, हेड ई.आई.सी. पीयूष मिश्रा, ऑक्टेव इंडिया के विवेक चौहान एवं चंचल मुखर्जी, चिप्स के सीईओ मयंक अग्रवाल, संयुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपम आशीष टोप्पो, परियोजना प्रमुख संदीप टिकरिहा और हरीश सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।


डेटा आधारित शासन व्यवस्था को मिलेगी मजबूती


छत्तीसगढ़ में जियो-पोर्टल और डिसीजन सपोर्ट सिस्टम का विस्तार राज्य की विकास योजनाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जीआईएस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संयुक्त उपयोग से सरकारी विभागों को स्थानीय जरूरतों की पहचान, संसाधनों का आकलन और विकास कार्यों की प्राथमिकता निर्धारित करने में सहायता मिलेगी।


इस पहल से राज्य एवं जिला स्तर पर डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को मजबूती मिलने के साथ विकास योजनाओं में पारदर्शिता, कार्यक्षमता और जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिलेगी। आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से छत्तीसगढ़ की डिजिटल एवं सुशासन व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post