रोबोटिक्स की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रायपुर के पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल किया द्वितीय स्थान, 28 एवं 29 नवंबर को दक्षिण कोरिया में आयोजित रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल में दिखाएंगे प्रतिभा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी जगह बनाई है। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं में अध्ययनरत पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 एवं 29 नवंबर 2026 को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिलने पर प्रदेश के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का युग है। विद्यार्थियों में नई तकनीकों को सीखने, समझने और नवाचार करने की रुचि लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और अपनी प्रतिभा को निखारने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों विद्यार्थी दक्षिण कोरिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल किया द्वितीय स्थान
पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल किया था। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल के लिए किया गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता की नौ अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों से चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
LEGO Line Follower श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसके अनुसार आगे बढ़ सके। इस चुनौती के लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्या समाधान की क्षमता बेहद महत्वपूर्ण होती है।
शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का रहा अहम योगदान
दोनों विद्यार्थियों की सफलता में उनके अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा तथा टीम कोच शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में शिक्षकों एवं अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि लगन, मेहनत और उचित मार्गदर्शन के साथ कम उम्र में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। दक्षिण कोरिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान, रोबोटिक्स और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
