उषा की पहली किरण के साथ अरपा में उतरी आस्था, 36 घंटे के निर्जला व्रत का हुआ पारण उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, आतिशबाजी और छठ गीतों से गूंजा तोरवा छठ घाट

 

बिलासपुर। रात का सन्नाटा टूटने से पहले ही अरपा तट पर आस्था का सैलाब उमड़ने लगा था। कोई सिर पर दउरा लेकर घाट की ओर बढ़ रहा था तो कोई पूजन सामग्री से सजा बांस का सूप हाथों में लिए छठी मैया के गीत गुनगुना रहा था। सोमवार की सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही तोरवा छठ घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। उषा की पहली किरण के साथ व्रतियों ने अरपा नदी के जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण हुआ और चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया।


















छठ महापर्व के अंतिम अनुष्ठान को लेकर तोरवा छठ घाट पर सुबह से ही विशेष उत्साह देखने को मिला। कई व्रती देर रात से ही घाट पहुंचने लगे थे। ब्रह्ममुहूर्त होते-होते श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई। विधिवत स्नान और पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने बांस के सूप और दउरा में सजाए गए फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।


उगते सूर्य के स्वागत में घाट पर जमकर आतिशबाजी हुई। आसमान में चमकती रोशनी, छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से पूरा अरपा तट भक्तिमय हो उठा। व्रतियों की सुविधा के लिए छठ पूजा समिति की ओर से दूध की व्यवस्था भी की गई थी। अर्घ्य और पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया।


इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, नगर निगम महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह और राजेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी छठ पूजा में शामिल हुए। सभी ने घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्यदेव को नमन किया और श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।


पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह महापर्व बिलासपुर में 26 वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। संध्या अर्घ्य से शुरू हुआ उत्सवी माहौल उषाकालीन अर्घ्य के साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।


---


सामूहिक सहयोग से सफल हुआ छठ महापर्व, समिति ने जताया आभार


छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने छठ महापर्व के भव्य, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग, समर्पण और व्यवस्था के कारण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, नगर सेना, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, स्वास्थ्य विभाग, अपोलो हॉस्पिटल, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सभी छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का विशेष आभार व्यक्त किया।


अर्घ्य के साथ हुआ पारण, 36 घंटे की कठिन साधना को मिला विराम


छठ महापर्व में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद ही व्रत पारण की परंपरा निभाई जाती है। पूजा संपन्न होने के बाद व्रती छठी मैया का प्रसाद ग्रहण कर निर्जला उपवास खोलते हैं। ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद परिवारजनों एवं परिचितों के बीच वितरित किया जाता है। यह परंपरा केवल व्रत की समाप्ति नहीं, बल्कि तप, त्याग, संयम और परिवार एवं समाज के मंगल की कामना का प्रतीक है।


भोर की आतिशबाजी ने अरपा तट को बनाया उत्सवधाम


तोरवा छठ घाट पर सुबह का नजारा पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहा। उगते सूर्य के स्वागत में भोर होते ही जमकर आतिशबाजी की गई। आसमान में चमकती रोशनी, घाट पर गूंजते जयकारे और छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। रात के अंधेरे से सुबह की पहली किरण तक अरपा तट पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।


छठ महापर्व 2026 के आयोजन में इन सदस्यों का रहा विशेष सहयोग


छठ महापर्व के सफल आयोजन में समिति अध्यक्ष प्रवीण झा, सचिव विनोद सिंह सहित डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास, सुधीर झा, ए.के. कंठ, लव कुमार ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, निर्भय चौधरी, धनंजय झा, प्रशांत सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, दिलीप चौधरी, डॉ. कुमुद रंजन सिंह, पी.सी. झा, चंद्र किशोर प्रसाद, अजीत पंडित, प्रमोद सिंह, रामसखा चौधरी, मुकेश झा, चंदन सिंह, राजीव गिरी, शशि नारायण मिश्रा, विकास राय, सतीश सिंह, विनोद सिंहा, हेमंत झा, जितेंद्र ठाकुर, परमेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, रविंद्र सिंह, अंबिकेश पांडे, रविंद्र कुशवाहा, शौलेंद्र सिंह, रुपेश कुशवाह, आदित्य सिंह, अक्ष झा, राहुल सिंह और आनंद झा का योगदान रहा।


संरक्षक मंडल: एस.पी. सिंह, व्ही.एन. झा, आर.पी. सिंह, अशोक झा, गणेश गिरी, बृजेश सिंह, एन.पी. शर्मा, एस.के. सिंह, विजय ओझा और अभय नारायण राय।

Post a Comment

Previous Post Next Post