कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने छठ घाट का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन समिति के साथ की बैठक श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा को दें प्राथमिकता – कलेक्टर संजय अग्रवाल

 















बिलासपुर, 10 नवंबर 2026। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ इस वर्ष 13 से 16 नवंबर तक पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर अरपा नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।


अरपा तट स्थित छठ घाट पर प्रतिवर्ष बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सूर्योपासना, पवित्र स्नान और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देता है। घाट पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन, पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने तथा सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करने को कहा।


कलेक्टर ने नदी में उतरने वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के प्रवेश को रोकने के लिए संकेतक और आवश्यक अवरोध लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा घाट पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था रखने तथा आयोजन समिति के स्वयंसेवकों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।


एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। घाट तक पहुंचने वाले मार्गों, प्रवेश एवं निकास द्वारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात और पार्किंग की ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा पुलिस एवं स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।


आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि अरपा तट पर आयोजित होने वाला छठ महापर्व आस्था के साथ सामाजिक एकता और सहभागिता का भी प्रतीक है। समिति का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना का अवसर मिले। प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के स्वयंसेवक घाट पर श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और सहायता के लिए तैनात रहेंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से घाट एवं नदी की स्वच्छता बनाए रखने और पूजन सामग्री निर्धारित स्थानों पर रखने की अपील की।


बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति के आपसी समन्वय से छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।


इस अवसर पर एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा आयोजन समिति के सदस्य एस.के. सिंह, अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास, विनोद सिंह, ए.के. कंठ, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, धनंजय झा, रौशन सिंह, अर्जुन सिंह, प्रशांत सिंह, कुमुद रंजन सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, अनमोल झा, प्रमोद सिंह, चंदन सिंह, राम सखा चौधरी, राजीव गिरी, चंद्र किशोर प्रसाद, सतीश सिंह, अजीत पंडित, राम गोस्वामी, शैलेंद्र सिंह, भरत भूषण झा, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह और रुपेश कुशवाह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


छठ महापर्व को लेकर अरपा तट पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन और आयोजन समिति का लक्ष्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण में भगवान सूर्य की आराधना कर सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post