स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक उपलब्धि, बिल्हा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान, बिलासपुर को नदी तटवर्ती शहरों में दूसरा और रायपुर को मिला राज्य में पहला पुरस्कार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने ग्रहण किया सम्मान
छोटे शहर बिल्हा की बड़ी उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर, स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई नई पहचान
रायपुर, 11 नवंबर 2026। स्वच्छता, जनभागीदारी और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय सम्मान हासिल किया है। इस उपलब्धि में सबसे बड़ी उपलब्धि बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा के नाम रही, जिसने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
वहीं, नगर पालिक निगम बिलासपुर ने 'स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन' श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर पालिक निगम रायपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। तीनों नगरीय निकायों की इस उपलब्धि ने प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सहभागिता और नगरीय प्रबंधन के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बिल्हा ने रचा इतिहास, छोटे शहर ने देशभर में लहराया परचम
इस पूरे सम्मान समारोह में नगर पंचायत बिल्हा की उपलब्धि विशेष आकर्षण का केंद्र रही। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि मजबूत इच्छाशक्ति, बेहतर कार्ययोजना, स्वच्छता के प्रति समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से छोटे नगर भी राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल कायम कर सकते हैं।
बिल्हा की यह उपलब्धि न केवल नगर पंचायत के लिए बल्कि पूरे बिलासपुर जिले और छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इस सफलता के पीछे नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
बिलासपुर को नदी तटवर्ती शहरों में दूसरा स्थान
न्यायधानी बिलासपुर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 'स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन' श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अरपा नदी और उसके तटवर्ती क्षेत्र की स्वच्छता, नगरीय व्यवस्थाओं तथा बेहतर प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इस सम्मान के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान मिली है।
रायपुर को स्वच्छता में राज्य का प्रथम पुरस्कार
प्रदेश की राजधानी रायपुर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया है। यह उपलब्धि नगर निगम की व्यवस्थाओं, स्वच्छता कर्मियों की मेहनत और नागरिकों की सहभागिता का परिणाम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई, कहा- सामूहिक प्रयासों का परिणाम है सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिले राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। बिल्हा का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करना और रायपुर का राज्य में अग्रणी रहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्वच्छता की रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की आदत और प्रत्येक शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया सामूहिक मेहनत का सम्मान
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने विशेष रूप से बिल्हा की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों वाले छोटे नगरीय निकाय भी बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
समारोह में छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
पुरस्कार वितरण समारोह में नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, नगर निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी तथा नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे उपस्थित रहीं।
इसके अलावा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, नगर निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि इस बात का संदेश है कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित होने वाला सामाजिक संकल्प है। बिल्हा की ऐतिहासिक सफलता, बिलासपुर का राष्ट्रीय सम्मान और रायपुर का राज्य में प्रथम स्थान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।



