बिलासपुर में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, जिले के 154 केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में 14 नए धान खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को मिलेगी बड़ी राहत, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे किसान, छोटे किसानों को मिलेगी पहली प्राथमिकता

 







बिलासपुर, 10 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप बिलासपुर जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। इस वर्ष जिले में 14 नए खरीदी केंद्र बढ़ाए गए हैं, जिसके बाद अब कुल 154 उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। खरीदी को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस वर्ष किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।


कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत और उपज का उचित मूल्य दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान बेचने आने वाले वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।


धान खरीदी किसानों की सालभर की मेहनत का आर्थिक आधार है। इससे मिलने वाली राशि खेती की अगली तैयारी, बच्चों की शिक्षा और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किसानों की आय बढ़ने से ग्रामीण बाजारों और स्थानीय कारोबार को भी मजबूती मिलती है।


कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों में किसानों के बैठने, पेयजल और स्वच्छ शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक केंद्र के लिए जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी खरीदी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी सीधे प्रशासन को देंगे।


नोडल अधिकारियों को 15 नवंबर से पहले संबंधित केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट में शासन द्वारा निर्धारित 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार सभी व्यवस्थाओं की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज करनी होगी।


बैठक में बताया गया कि खरीदी केंद्रों में बारदाने पहुंच चुके हैं। इनमें 50 प्रतिशत नए और 50 प्रतिशत पुराने बारदाने शामिल हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 15 नवंबर को जिले के सभी 154 केंद्रों में एक साथ खरीदी प्रारंभ होगी।


बाहरी धान की आवक पर रोक लगाने के लिए मंडी और वन विभाग के बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों और उनमें लदी सामग्री की जांच की जा रही है। कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी ऋण पुस्तिका किसी अन्य व्यक्ति को न दें, ताकि उसका दुरुपयोग न हो और खरीदी का लाभ वास्तविक किसानों तक ही पहुंचे।


इसके अलावा पिछले वर्ष धान बेचने वाले ऐसे किसानों से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्होंने इस वर्ष अभी तक पंजीयन नहीं कराया है। उनका पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा गया है। टोकन व्यवस्था ऑनलाइन और समिति स्तर, दोनों माध्यमों से संचालित होगी। इसके तहत 70 प्रतिशत टोकन ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत टोकन समिति स्तर पर जारी किए जाएंगे। खरीदी में छोटे किसानों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी।


बैठक में धान खरीदी के साथ सीएम हेल्पलाइन, पीएम सूर्यघर योजना, पारस पोर्टल, जनगणना कार्य और छात्रावासों के निरीक्षण सहित अन्य लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।


बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पचभाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post