करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी 71.48 करोड़ रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात

 



रायपुर, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव के दौरान जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ दूरस्थ और जनजातीय अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विकास का लाभ गांव, परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन निर्माण, ग्राम पंचायत रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन तथा ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और वाड्रफनगर के अधूरे नगर वन पार्क को पूरा करने की घोषणा भी की गई।


लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इनसे क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।


किसानों को पूरी आदान सहायता राशि देने का आश्वासन


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी में सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए खरीदी केंद्र भी खोले गए हैं।


उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचा है, उन्हें भी पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।


मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के उद्देश्य से शुरू किए गए क्लिनिक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक पंजीयन काउंटर, चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


क्लिनिक में जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे बुजुर्गों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।


मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को मिला उपचार


आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 7,259 लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने दूरस्थ अंचलों में लोगों को उनके क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास की सराहना की और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया।


‘बालभोग’ नवाचार से कुपोषण दूर करने का प्रयास


कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों में कुपोषण दूर करने के उद्देश्य से ‘बालभोग’ पहल शुरू की गई है। इसके अंतर्गत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर पहुंचकर कुपोषित बच्चों को लड्डू खिलाती हैं और उनकी पोषण संबंधी प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं। इस पहल से बच्चों के पोषण सुधार के साथ ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता भी बढ़ रही है।


कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।


प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने भी जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और ग्रामीण अधोसंरचना के विस्तार के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की।


कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post