रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 26 नवंबर तक प्रदेश के 33 जिलों में 1 लाख 11 हजार 629 किसानों से कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए धान का समर्थन मूल्य 1,085 करोड़ 84 लाख रुपये है, जबकि अब तक 87 हजार 242 किसानों को 838 करोड़ 58 लाख रुपये का भुगतान जारी किया जा चुका है।
प्रदेश में इस वर्ष धान विक्रय के लिए 28 लाख 68 हजार 802 किसानों का पंजीयन हुआ है। किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए राज्यभर में 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।
खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदी से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही टोकन एवं तौल व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा धान खरीदी की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया है।
मोटा, पतला और सरना धान की खरीदी
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक 2 लाख 85 हजार 526.72 मीट्रिक टन मोटा धान, 1 लाख 15 हजार 672.84 मीट्रिक टन पतला धान तथा 42 हजार 688.20 मीट्रिक टन सरना धान की खरीदी की गई है।
राजनांदगांव जिले में सर्वाधिक खरीदी
प्रदेश में अब तक सर्वाधिक धान खरीदी राजनांदगांव जिले में 43,394.64 मीट्रिक टन हुई है। इसके बाद बालोद में 38,299.60 मीट्रिक टन, महासमुंद में 38,055.20 मीट्रिक टन, बेमेतरा में 37,421.40 मीट्रिक टन तथा धमतरी में 29,779.24 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है।
अन्य जिलों में दुर्ग में 26,849.04 मीट्रिक टन, कबीरधाम में 25,771 मीट्रिक टन, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 24,819.44 मीट्रिक टन, बलौदाबाजार-भाटापारा में 19,876.88 मीट्रिक टन, गरियाबंद में 16,373.32 मीट्रिक टन और रायपुर में 16,357.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है।
इसी तरह कोंडागांव में 14,412.88 मीट्रिक टन, कांकेर में 13,416.64 मीट्रिक टन, बलरामपुर-रामानुजगंज में 13,375.72 मीट्रिक टन, सूरजपुर में 12,652.92 मीट्रिक टन, मुंगेली में 12,439.68 मीट्रिक टन, बिलासपुर में 9,134 मीट्रिक टन, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 8,819.44 मीट्रिक टन, सरगुजा में 8,146 मीट्रिक टन, कोरिया में 6,937.24 मीट्रिक टन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 5,719.52 मीट्रिक टन, बस्तर में 5,349.04 मीट्रिक टन तथा जशपुर में 4,148.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 3,541.24 मीट्रिक टन, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 3,368.48 मीट्रिक टन, रायगढ़ में 3,254.08 मीट्रिक टन, कोरबा में 1,630.76 मीट्रिक टन, जांजगीर-चांपा में 191.64 मीट्रिक टन, सक्ती में 138.16 मीट्रिक टन, नारायणपुर में 111.36 मीट्रिक टन, बीजापुर में 96.12 मीट्रिक टन, दंतेवाड़ा में 4.72 मीट्रिक टन तथा सुकमा में 2.24 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है।
प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी केंद्रों में सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ खरीदी प्रक्रिया की निगरानी पर लगातार जोर दिया जा रहा है।

