रायपुर, 28 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पुल-पुलिया और बिजली जैसी सुविधाएं ग्रामीण जीवन को आसान बनाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी उपलब्ध कराती हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलेवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में उन्होंने एक उच्चस्तरीय पुल तथा दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया, वहीं चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों पर कुल 33 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी-नालों पर पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या दूर होगी। विशेषकर बरसात के दिनों में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और दूरस्थ गांवों के लोगों को जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
### डोड़की नदी पर 6.55 करोड़ रुपये से निर्मित पुल का लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। इस पुल के निर्माण से आसपास के लगभग 10 गांवों की 7,471 आबादी लाभान्वित होगी।
पुल के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। बारिश के मौसम में नदी के कारण रास्ता बाधित होने की समस्या में कमी आएगी तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि गतिविधियों और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी।
### चार नए उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न ग्रामीण मार्गों पर 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाले चार उच्चस्तरीय पुलों एवं पहुंच मार्गों का भूमिपूजन किया। इन पुलों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को बेहतर सड़क संपर्क और बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
रेंगारघाट-कुड़केला मार्ग पर बोलजोरा में 4 करोड़ 47 लाख 98 हजार रुपये की लागत से 92 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे लगभग 6,500 ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
बोड़ाकछार-चटकपुर मार्ग पर चंपाझरिया में 4 करोड़ 46 लाख 58 हजार रुपये की लागत से 100 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण होगा। इस निर्माण कार्य से लगभग 3,519 ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
बसेनताला-चटकपुर मार्ग पर सिंधु नाला में 2 करोड़ 55 लाख 72 हजार रुपये की लागत से 63 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे आसपास के गांवों की लगभग 6,133 आबादी लाभान्वित होगी।
इसी तरह ठेठेटांगर-चोंगरीबहार मार्ग पर ईब नदी में 11 करोड़ 27 लाख 3 हजार रुपये की लागत से 312 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इस पुल से क्षेत्र के लगभग 6 हजार ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इन चारों पुलों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। ग्रामीणों को कृषि उपज के परिवहन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
### काईकछार और बालाछापर में विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम काईकछार और बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण भी किया।
इन विद्युत उपकेंद्रों के प्रारंभ होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली वितरण व्यवस्था मजबूत होगी तथा विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार आएगा। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों, छोटे व्यवसायियों और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आर्थिक गतिविधियों को भी बेहतर बिजली सुविधा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारु बिजली आपूर्ति से खेती-किसानी, छोटे व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
### अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकास की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ दूरस्थ गांवों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सड़क और पुल केवल आवागमन के साधन नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों के लिए विकास, सुविधा और नए अवसरों के द्वार खोलते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जशपुर सहित प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों का जीवन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।
### कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, चीक बड़ाईक महासभा के सत्यनारायण बड़ाईक, ग्राम पंचायत जोकरी की सरपंच मंजू भगत, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपेंद्र यादव सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
