मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, तोमन कुमार को 51 लाख और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये देने की घोषणा

 

नक्सली हमले में पैर गंवाने के बाद भी नहीं मानी हार, तोमन कुमार ने पैरा तीरंदाजी में जीता स्वर्ण पदक


बचपन से शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव



मुख्यमंत्री ने कहा – दोनों खिलाड़ियों का साहस, संघर्ष और संकल्प प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत


रायपुर, 12 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले प्रदेश के दो प्रतिभाशाली पैरा खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपये तथा पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शाल एवं बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि व्यक्ति के मन में दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो सफलता का कोई भी मुकाम असंभव नहीं है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने अदम्य साहस, कठिन परिश्रम और असाधारण खेल प्रतिभा से इस बात को साबित कर दिखाया है।


उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये संघर्ष से सफलता तक पहुंचने की ऐसी प्रेरक कहानियां हैं, जो प्रदेश के हजारों युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देंगी।


नक्सली हमले में गंवाया पैर, लेकिन नहीं टूटा हौसला


बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता की कहानी अदम्य साहस, आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति की मिसाल है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में देश की सेवा करते हुए वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दर्दनाक घटना में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।


जीवन में आई इस कठिन परिस्थिति के बावजूद तोमन कुमार ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी हिम्मत और हौसले को कमजोर नहीं होने दिया। वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की और लगातार अभ्यास, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचकर स्वर्ण पदक हासिल किया।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोमन कुमार के साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस वीर जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली हमले में उनका एक पैर जरूर छिन गया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का उनका जज्बा कभी कम नहीं हुआ। पहले मातृभूमि की रक्षा और अब अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाकर उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।


शारीरिक चुनौती को पीछे छोड़ अभिजीत सखूजा ने रचा सफलता का इतिहास


बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से सफलता की प्रेरक मिसाल पेश की है। बचपन से ही क्लब फुट जैसी शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत ने कभी अपनी परिस्थितियों को अपने सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया।


उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत तथा अनुशासन के बल पर अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। एशियन पैरा गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया और यह साबित किया कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।


मुख्यमंत्री ने अभिजीत सखूजा की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई दी और कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, विश्वास और निरंतर प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल इन प्रतिभाओं को उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार इसी दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत 3 लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।


मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं और पैरालंपिक में देश के लिए और अधिक पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।


प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन : अरुण साव


उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सम्मान का विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है।


प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेश 'जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे' की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित


इस सम्मान समारोह में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित रहे।


छत्तीसगढ़ के इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, हौसले और मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने न केवल पदक जीते हैं, बल्कि अपने संघर्ष और सफलता से पूरे प्रदेश के युवाओं के सामने एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post