विराट शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की सक्रियता की सराहना कर जताया आभार


 भाटापारा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था की नगरी भाटापारा में श्री अखंड रामनाम सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित विराट शोभायात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। शोभायात्रा में भाटापारा ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों एवं जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विशाल जनसमुदाय के बीच पुलिस प्रशासन द्वारा की गई चाक-चौबंद व्यवस्था की नगर के प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मुक्तकंठ से सराहना की।






सप्ताहभर गूंजा रामनाम, समापन पर दिखा आस्था का विराट स्वरूप

श्री अखंड रामनाम सप्ताह भाटापारा की धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। सप्ताहभर “जय रघुपति राघव राजाराम, जय पतित पावन सीताराम” महामंत्र से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। समापन दिवस पर निकली विराट शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।

विशाल जनसमुदाय के बीच व्यवस्था बनी चुनौती

श्री अखंड रामनाम सप्ताह का इतिहास जनभागीदारी, आपसी सहयोग और सामाजिक समन्वय से जुड़ा रहा है। हालांकि बदलते समय के साथ विशाल आयोजनों में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पूर्व के वर्षों में शोभायात्रा के दौरान कुछ अप्रिय घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण आयोजन को लेकर लोगों में सुरक्षा की चिंता बनी रहती थी।

पुलिस प्रशासन की सक्रियता से कायम रही शांति एवं व्यवस्था

इस वर्ष पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने रणनीतिक तरीके से व्यवस्था संभाली। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद शोभायात्रा के दौरान यातायात, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही।

एसडीओपी तारेश साहू, यातायात प्रभारी नरेश कांगे, शहर थाना प्रभारी अमित पाटले एवं ग्रामीण थाना प्रभारी हेमंत पटेल सहित पुलिस बल की सक्रिय भूमिका के चलते शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कहीं भी किसी अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित नहीं हुई।

प्रबुद्धजनों एवं सामाजिक संगठनों ने जताया आभार

विराट शोभायात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के बाद नगर के पत्रकारों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक-साहित्यिक संगठनों के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सरयू साहित्य परिषद, शहीद स्मृति परिषद एवं विश्व ब्राह्मण महासभा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने एसडीओपी तारेश साहू को पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस प्रशासन की सक्रियता एवं उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर श्याम पुरोहित, मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा, डॉ. वाय.पी. सोनी, गिरधर गोपाल शर्मा, मोनू मानिक, प्रसाद दुबे, संजय तिवारी, उमाशंकर साहू, सत्यप्रकाश शर्मा, दुषेन्द्र तिवारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

नगरवासियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन ने इस जिम्मेदारी का बेहतर ढंग से निर्वहन करते हुए शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post