सीजी पीएससी एसआई भर्ती परीक्षा: सोशल मीडिया पर नामों को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों से रहें सावधान केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें भरोसा

 रायपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप-निरीक्षक (SI) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर भ्रामक, तथ्यहीन और भ्रामक दावे प्रसारित किए जा रहे हैं।

आयोग ने इन वायरल दावों और वीडियो का स्पष्ट रूप से खंडन करते हुए कहा है कि परीक्षा परिणाम में प्रदर्शित सभी अभ्यर्थियों के नाम वही हैं, जो उन्होंने स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय दर्ज किए थे और अंतिम रूप से सबमिट किए थे। इन्हीं विवरणों के आधार पर अभ्यर्थियों की दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST) तथा प्रारंभिक लिखित परीक्षा संपन्न कराई गई।

प्रवेश-पत्र में भी यही नाम थे दर्ज

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र (Admit Card) में भी वही नाम अंकित थे, जो ऑनलाइन आवेदन में दर्ज किए गए थे। दस्तावेज़ सत्यापन सहित सभी प्रक्रियाएं इन्हीं नामों के आधार पर पूरी की गई हैं। इसलिए सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे दावे पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।

अफवाहों पर न करें विश्वास

आयोग के अवर सचिव ने सभी अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी असत्य, भ्रामक अथवा तथ्यहीन जानकारी पर विश्वास न करें। परीक्षा से संबंधित किसी भी आधिकारिक सूचना, परिणाम या अपडेट के लिए केवल छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी को ही प्रमाणिक मानें।

Post a Comment

Previous Post Next Post