छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित, चीन में होने वाले एशिया कप में दिखाएंगी दम राष्ट्रीय टीम में चुनी गईं कांसाबेल की मधु सिदार और बोड़ला की गीता यादव, खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बिलासपुर में ले रही हैं प्रशिक्षण उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को दी बधाई, वीडियो कॉल पर बात कर तैयारियों की ली जानकारी

 बिलासपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।







उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए बधाई दी। उन्होंने एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी सफलता प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और खेलो इंडिया योजना की प्रभावी पहल का प्रमाण है।

टीम इंडिया तक ऐसा रहा दोनों खिलाड़ियों का सफर

मधु सिदार

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले क्षेत्र से आती हैं। उनके माता-पिता किसान हैं। मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में हिस्सा लिया है।

आंध्र प्रदेश में 1 से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया था। मधु ने इस वर्ष मार्च-अप्रैल में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन किया। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।

गीता यादव

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। उनका अंतरराष्ट्रीय सफर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने 12 से 21 नवंबर 2024 तक नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।

इसके बाद उन्होंने 15 मई से 2 जून 2025 तक अर्जेंटीना दौरे तथा 5 से 14 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे में भी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। अब गीता जूनियर एशिया कप में भारत की ओर से मैदान पर उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

छत्तीसगढ़ की इन दोनों बेटियों का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि मधु सिदार और गीता यादव एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post