कुटरू, बीजापुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कुटरू द्वारा हाई स्कूल कुटरू में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रीति आरकी एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष कमलेश मण्डावी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा नियमित रूप से विद्यालय आकर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रीति आरकी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरस्वती साइकिल योजना दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए वरदान साबित हो रही है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, उनका समय बचेगा और वे पूरी लगन से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
पूर्व जनपद अध्यक्ष कमलेश मण्डावी ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। सरकार की यह योजना न केवल छात्राओं को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर भी प्रदान कर रही है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।
साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई पर अधिक ध्यान देने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय परिवार ने बताया कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा से जोड़ना, विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करना तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। योजना का लाभ मिलने से छात्राओं और उनके अभिभावकों में भी उत्साह का वातावरण है।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। सभी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और ग्रामीण अंचलों की बेटियों को आगे बढ़ने का नया अवसर प्रदान कर रही हैं।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ।





