रायपुर, 04 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा में कांग्रेस नेता प्रकाश कश्यप की हत्या पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध इस कदर बढ़ चुके हैं कि आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रकाश कश्यप की घर लौटते समय लूट की नीयत से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इसी प्रकार जांजगीर-चांपा में लिफ्ट मांगने के बहाने लूट का प्रयास किया गया और विरोध करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बिलासपुर में छह नकाबपोश बदमाशों ने शराब दुकान में हमला कर गार्ड को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था की केवल कुछ बानगियां हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, चाकूबाजी, गोलीबारी और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग खुलेआम सड़क पर निकलने से भी डरने लगे हैं। महिलाएं भी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। सरकार और पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सक्ती में युवती की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। कोरिया के सोनहत में चार लोगों को जिंदा जला दिया गया। जैजैपुर में दो भाइयों की घर में घुसकर गोली मार दी गई। पेंड्रा के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की हत्या कर दी गई। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में चाकूबाजी कर युवक की हत्या कर उसके जेवर लूट लिए गए। देवभोग में महिला सहित परिवार के चार सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में गोलीकांड की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। राजधानी रायपुर सहित बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, मस्तूरी, जशपुर, कवर्धा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जैसे क्षेत्रों में सरेआम गोली मारकर हत्याएं हुई हैं। राजधानी में बमबाजी और गैंगवार जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन सरकार अब भी कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति स्वीकार करने को तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराधों के पीछे नशे के अवैध कारोबार को मिल रहा संरक्षण प्रमुख कारण है। प्रदेश में अवैध शराब, अफीम की खेती तथा नशीले पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। अपराधियों में कानून और पुलिस का भय समाप्त हो चुका है।
दीपक बैज ने कहा कि सरकार की अकर्मण्यता के कारण अपराधी खुलेआम सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैला रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं। पुलिस ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हुई है। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में गैंगवार, दिनदहाड़े चाकूबाजी और गोलीबारी जैसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर करती हैं।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में सरकार की विफलता अब प्रदेशवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है और सरकार को कानून व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
