जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी

 रायपुर, 6 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी ने कहा है कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कर अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से विकसित पारस (Project Assessment, Review and Analysis System) पोर्टल अब सुशासन का एक सशक्त माध्यम बनेगा, जिसके जरिए शासन की योजनाओं और जनसेवाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।









मुख्यमंत्री ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित पारस पोर्टल की पहली राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित करे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु, एग्रीस्टैक, विकसित भारत जी-रामजी, डीबीएन वित्तपोषित मोबाइल टॉवर परियोजना तथा स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े छह प्रमुख एजेंडों की विस्तृत समीक्षा की गई।

सीमांकन मामलों में लापरवाही पर मुख्यमंत्री सख्त

मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग में सीमांकन से जुड़े लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सक्षम अधिकारी के आदेश के बाद भी समय पर सीमांकन नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। इससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि सीमांकन से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से निराकरण सुनिश्चित करें। जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

एग्रीस्टैक में शत-प्रतिशत किसान पंजीयन के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि एग्रीस्टैक केवल धान खरीदी तक सीमित व्यवस्था नहीं है, बल्कि किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का आधार है। उन्होंने सभी कलेक्टरों को विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र किसान का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही से कोई पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित होता है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन बने जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 का उद्देश्य नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से बचाना है। उन्होंने विभागों को प्राप्त शिकायतों और नागरिकों के फीडबैक का गंभीर विश्लेषण कर व्यवस्थागत सुधार करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि अब तक सीएम हेल्पलाइन में 1.10 लाख से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें 65 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं 55.29 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की है।

सेवा सेतु से सभी सेवाओं को ऑनलाइन जोड़ने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान में 27 विभागों की 721 अधिसूचित सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। जिन सेवाओं को अभी तक पोर्टल से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें शीघ्र ऑनलाइन किया जाए। ग्राम पंचायतों, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए।

विकसित भारत जी-रामजी योजना में ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाए। जिन पंचायतों में अभी तक कार्य स्वीकृत नहीं हुए हैं, वहां तत्काल प्रस्ताव स्वीकृत कर विकास कार्य शुरू किए जाएं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

मोबाइल कनेक्टिविटी और शिक्षा योजनाओं की समीक्षा

बैठक में डीबीएन वित्तपोषित 476 मोबाइल टॉवरों की स्थापना की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसके अलावा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण, सरस्वती साइकिल योजना और प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

स्कूलों में पोषण और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसरों में किचन गार्डन विकसित करने, सहजन, कटहल सहित अन्य उपयोगी पौधों का रोपण बढ़ाने और विद्यार्थियों को पोषणयुक्त भोजन के महत्व से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान भविष्य में जनभागीदारी का स्वरूप ग्रहण करे।

हर माह होगी पारस पोर्टल से राज्यस्तरीय समीक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पारस पोर्टल शासन की योजनाओं की निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती देगा। अब प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को पारस पोर्टल के माध्यम से राज्य की प्रमुख योजनाओं और जनसेवाओं की समीक्षा की जाएगी, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और जनता तक शासकीय सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील जी, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा जी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह जी, सचिव पी. दयानंद जी, राहुल भगत जी, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह जी, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद जी, राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी जी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post