भाटापारा के प्रमुखजनों से संपर्क का अहम पड़ाव, स्मृति पत्रक अर्पण के साथ जारी है स्मृति अभियान शहीद स्मृति परिषद ने विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक को अर्पित किया स्मृति पत्रक

 भाटापारा। क्षेत्र के राष्ट्रभक्तों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीद सैनिकों एवं लोकतंत्र सेनानियों के त्याग, संघर्ष और योगदान से वर्तमान पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से शहीद स्मृति परिषद द्वारा स्मृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत तैयार किए गए स्मृति पत्रक के माध्यम से भाटापारा क्षेत्र के विराट व्यक्तित्वों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है।








अभियान का शुभारंभ शहीद स्मृति परिसर में अमर शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की प्रतिमा के समक्ष स्मृति पत्रक अर्पित कर किया गया था। इस पत्रक में भाटापारा क्षेत्र से जुड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीद सैनिकों एवं लोकतंत्र सेनानियों के जीवन, संघर्ष और योगदान का संक्षिप्त विवरण शामिल किया गया है।

इसी अभियान की अगली कड़ी में परिषद के सदस्यों ने क्षेत्र के विधायक इन्द्र साव, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा एवं पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा से मुलाकात कर उन्हें स्मृति पत्रक अर्पित किया। परिषद का उद्देश्य संपर्क अभियान के माध्यम से इन महान व्यक्तित्वों की गौरवगाथा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और उनके त्याग एवं समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है।

विधायक इन्द्र साव ने संवेदनापूर्वक किया अवलोकन

विधायक इन्द्र साव ने स्मृति पत्रक को सम्मानपूर्वक ग्रहण करते हुए उसका अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पत्रक में उल्लेखित कुछ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। साथ ही सेनानियों के परिजनों एवं उनसे जुड़े लोगों के संबंध में परिषद को उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। विधायक ने इस प्रयास को क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

नाम पट्टिकाओं की स्थापना की मांग

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा को स्मृति पत्रक अर्पित करते हुए परिषद के सदस्यों ने सार्वजनिक स्थलों पर क्षेत्र के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं लोकतंत्र सेनानियों के नाम की पट्टिकाएं स्थापित करने की मांग रखी। परिषद का मानना है कि सार्वजनिक स्थलों पर नाम पट्टिकाओं की स्थापना से इन महान व्यक्तित्वों का स्मरण स्थायी रूप से बना रहेगा और युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा मिलेगी। परिषद की इस मांग पर नगर पालिका अध्यक्ष ने संवेदनापूर्वक संज्ञान लिया।

पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने की अभियान की सराहना

पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने स्मृति पत्रक की सराहना करते हुए कहा कि भाटापारा क्षेत्र के अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों की स्मृति में प्रकाशित यह पत्रक केवल कागज का दस्तावेज नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान की स्मृति है, जिन्होंने मातृभूमि और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि शहीद स्मृति परिषद द्वारा स्मृति पत्रक के माध्यम से नई पीढ़ी को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ने का जो प्रयास किया जा रहा है, वह सराहनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हृदय से साधुवाद दिया।

इस अवसर पर परिषद के संयोजक मुकेश शर्मा, हरिहर शर्मा सहित अभियान प्रभारी गिरधर गोपाल शर्मा, मोनू मानिक, प्रसाद दुबे, दुषेन्द्र तिवारी, सुनील जोशी सहित अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।