प्रीति आरकी ने छात्राओं को वितरित की साइकिलें, बोलीं—बेटियों की शिक्षा और उनका भविष्य हमारी प्राथमिकता
बीजापुर। छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में सरस्वती सायकल योजना के तहत हाई स्कूल बेदरे में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रीति आरकी, सभापति संचार तथा संकर्म समिति एवं जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 03, कुटरू, जिला बीजापुर ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।
साइकिल प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से स्कूल आने वाली छात्राओं के लिए साइकिल न केवल आवागमन का साधन है, बल्कि यह उनकी शिक्षा को निरंतर जारी रखने में भी महत्वपूर्ण सहारा बनेगी।
इस अवसर पर प्रीति आरकी ने कहा कि सरस्वती सायकल योजना बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई छात्राओं को विद्यालय आने-जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। साइकिल मिलने से उनका आवागमन आसान होगा, समय की बचत होगी और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगी।
उन्होंने कहा कि एक बेटी की शिक्षा पूरे परिवार और समाज को आगे बढ़ाने का काम करती है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
प्रीति आरकी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करें तथा अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां केवल अपने भविष्य का निर्माण नहीं कर रही हैं, बल्कि आने वाले समय में समाज और देश की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
साइकिल मिलने पर छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में उन्हें काफी सुविधा होगी। इससे समय की बचत होगी और पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, छात्राएं एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाना रहा।


