जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ राज्य के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रसेड़ा स्थित यूनिक पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता मन कुरैशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विद्यालय की ओर से प्राचार्य आर.पी. साहू, प्रभारी प्राचार्य कार्तिक राम पाल, आयोजनकर्ता दिनेश कुमार साहू एवं नंदिनी साहू सहित समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ—मनहरण, अविनाश, भीनेद्र, भूपेंद्र, देवराज, चंद्रप्रकाश, पंकज कुमार, दिनेश कुमार, दीप्ति, डिंपल, ज्योति, नम्रता, भारती, अंजली, पल्लवी, दिव्या, स्वामी राजकुमारी, परमेश्वरी, महेश्वरी, विमला, प्रमिला, पुष्पलता एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर मन कुरैशी बच्चों के साथ मंच पर नृत्य करते हुए भी नजर आए। उन्होंने अपनी फिल्म “सुकुवा” के लोकप्रिय गीत “रानी के फुंदरा” पर विशेष प्रस्तुति दी, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मन कुरैशी ने अपने संबोधन में कहा कि “बच्चों में सीखने की ललक सबसे अधिक होती है। ऐसे आयोजनों से उनका मनोबल बढ़ता है। जिन विद्यार्थियों ने अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है, उन्हें मेरी हार्दिक बधाई। मैं सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।” उन्होंने आगे कहा कि बच्चों के बीच आना उन्हें हमेशा अच्छा लगता है और वे भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होना चाहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि “हमारे विद्यालय में छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध कलाकार का आगमन हमारे लिए गौरव की बात है। मुख्य अतिथि के रूप में पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु हम मन कुरैशी के प्रति हृदय से आभारी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”
रिपोर्टर: राकेश कुमार साहू
स्थान: जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़


