विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग व्याख्याता शांति सोनी ने छात्राओं को दी सर्वाइकल कैंसर से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी

 बिलासपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद, विकासखंड बिल्हा, जिला बिलासपुर में प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले बैगलेस डे (Bagless Day) के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं कल्याण (हेल्थ एंड वेलनेस) कार्यक्रम में व्याख्याता शांति सोनी ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने किशोरियों को इस गंभीर बीमारी के कारण, प्रारंभिक लक्षण, बचाव के प्रभावी उपाय तथा समय पर जांच के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।










शांति सोनी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर ऐसी बीमारी है, जिसकी समय रहते पहचान और उचित सावधानी अपनाकर प्रभावी रूप से रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार ग्रहण करने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वैज्ञानिक सोच अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को संकोचवश छिपाने के बजाय अभिभावकों एवं चिकित्सकों से समय पर परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न रखे, जिनका शांति सोनी ने सरल, वैज्ञानिक और सहज भाषा में उत्तर दिया। इस संवादात्मक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र से छात्राओं में न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने स्वास्थ्य की देखभाल करने की प्रेरणा भी मिली।

विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों के समग्र विकास, स्वास्थ्य सुरक्षा और जीवनोपयोगी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।