रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को संत शिरोमणि रविदास की आगामी 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और जनजागरण अभियानों की रूपरेखा तय करने के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को प्रदेश के जन-जन तक पहुँचाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता का प्रेरणास्रोत : किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और शिक्षाओं से समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता और बंधुत्व का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वाराणसी में संत रविदास का भव्य स्मारक निर्माणाधीन है, जो उनकी विरासत को सहेजने का ऐतिहासिक प्रयास है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को भाजपा की विशेष टीम वाराणसी जाकर स्मारक स्थल से कलश में पवित्र माटी और जल लेकर छत्तीसगढ़ आएगी। इस पवित्र माटी और जल को प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और देव स्थलों तक पहुँचाया जाएगा, जहाँ विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक : गुरु प्रकाश पासवान
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि संत रविदास ने श्रम की गरिमा, समानता और मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया। उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि जयंती वर्ष के दौरान प्रदेशभर में सामाजिक समरसता यात्राएँ, विचार गोष्ठियाँ, संगोष्ठियाँ और संत रविदास के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया गया है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक संत रविदास का संदेश पहुँच सके। विद्यालयों, महाविद्यालयों और बस्तियों में निबंध, चित्रकला तथा विचार-विमर्श प्रतियोगिताओं के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ा जाएगा। साथ ही प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता अभियान और सेवा कार्य भी संचालित किए जाएंगे।
सेवा और समर्पण के भाव से मनाई जाएगी जयंती : अजय जम्वाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास के विचारों को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियाँ सौंपी जा रही हैं। वाराणसी से लाई जाने वाली पवित्र माटी और जल को सभी प्रमुख देव स्थलों तक व्यवस्थित रूप से पहुँचाने की तैयारी की जा रही है।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान : पवन साय
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि पार्टी इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करेगी। उन्होंने बताया कि 25, 26 और 27 जुलाई को सभी जिलों में कार्यशालाएँ आयोजित की जाएँगी। कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता से इन कार्यक्रमों को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा।
प्रदेशभर में होंगे विविध आयोजन : अखिलेश सोनी
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन और उनके विचार भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कार्यशाला में प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से वाराणसी से लाई जाने वाली पवित्र माटी और जल को प्रदेश के मंदिरों एवं देव स्थलों तक पहुँचाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, शंकर अग्रवाल, रंजना साहू, डॉ. सनम जांगड़े, हरिनाथ खुटे, संतोष दास, ध्रुव कुमार मिर्धा, खेमराज बाकरे सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।











