अमलीपदर की रथयात्रा आस्था और संस्कृति की अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 रायपुर, 23 जुलाई 2026। गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमलीपदर की रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामाजिक समरसता की अमूल्य धरोहर है। भगवान जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की।







इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए।

बिजली बिल समाधान योजना की अवधि सितंबर तक बढ़ी

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो जून माह तक निर्धारित थी, उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन माह बढ़ाकर सितंबर तक कर दी गई है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम करने और उन्हें राहत प्रदान करने के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।

महतारी वंदन योजना से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह सीधे राशि अंतरित की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्त होना विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत आधारशिला है और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चौबीसों घंटे कार्य कर रही है। शासन को प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और वे स्वयं प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा करते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जो सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बाल्टीजोर नाले पर बनेगा पुल

क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

बच्चों से किया आत्मीय संवाद

रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय की गतिविधियों पर चर्चा की। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके आग्रह पर बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का सहज और स्नेहपूर्ण व्यवहार उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

हजारों श्रद्धालुओं की रही सहभागिता

रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत और जयघोषों से पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।