ग्रीष्मकालीन अवकाश में निःशुल्क प्रशिक्षण से बदली ग्रामीण महिलाओं की तकदीर व्याख्याता शांति सोनी की पहल बनी महिला स्वावलंबन की प्रेरक मिसाल
बिलासपुर। शिक्षा तभी सार्थक होती है जब वह समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए। इसी सोच को साकार करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद, विकासखंड बिल्हा, जिला बिलासपुर की नवाचारी व्याख्याता शांति सोनी ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ग्राम पंचायत महमंद की छात्राओं, किशोरियों एवं महिलाओं के लिए निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। इस अभिनव पहल का उद्देश्य महिलाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनके आत्मविश्वास को सशक्त करना तथा स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना था।
प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को फेशियल, मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, मेहंदी कला, त्वचा एवं बालों की देखभाल, दुल्हन श्रृंगार तथा ग्राहक प्रबंधन जैसे व्यावहारिक विषयों का विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद कई महिलाओं और छात्राओं ने अपने घरों से ही ब्यूटी पार्लर का कार्य प्रारंभ कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। आज वे अपने कौशल और मेहनत के बल पर नियमित आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं तथा अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं।
व्याख्याता शांति सोनी का मानना है कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक आधार शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता है। उनका कहना है कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो उसका परिवार, समाज और राष्ट्र भी विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर होता है।
इस सराहनीय पहल की ग्राम पंचायत महमंद की सरपंच पूजा निर्मलकर, ग्राम के जनप्रतिनिधियों, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी तथा जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रशंसा करते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान की दिशा में अनुकरणीय पहल बताया।
प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने भी व्याख्याता शांति सोनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निःशुल्क प्रशिक्षण ने उन्हें केवल रोजगार का अवसर ही नहीं दिया, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई पहचान भी प्रदान की है।
शिक्षा, कौशल और सामाजिक सेवा का यह समन्वित प्रयास आज ग्रामीण महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायी मॉडल बनकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई इबारत लिख रहा है।









