'एक पेड़ पुरखों के नाम' वृक्षारोपण अभियान रविवार को पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा कृष्ण मित्र फाउंडेशन
रायपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं पूर्वजों के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कृष्ण मित्र फाउंडेशन द्वारा 'एक पेड़ पुरखों के नाम' वृक्षारोपण अभियान का आयोजन रविवार, 5 जुलाई 2026 को प्रातः 8:00 बजे सरजू बांधा मुक्ति धाम परिसर, टिकरापारा, रायपुर में किया जाएगा।
इस अवसर पर फाउंडेशन की एक आवश्यक बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। अभियान के अंतर्गत फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं मित्र मंडली अपने स्वर्गीय दादा-दादी, नाना-नानी, माता-पिता तथा अन्य प्रियजनों की पावन स्मृति में पौधारोपण करेंगे।
फाउंडेशन ने इस अभियान में आम नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों से भी सहभागिता की अपील की है। जो भी व्यक्ति या संस्था अपने पूर्वजों अथवा प्रियजनों की स्मृति में पौधारोपण करना चाहते हैं, वे मुक्ति धाम परिसर में पौधा लगाकर इस पुण्य अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।
पौधारोपण हेतु इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएँ अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 9575003333 पर संपर्क कर सकते हैं।
कृष्ण मित्र फाउंडेशन ने सभी नागरिकों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपने पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है।
