पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को 8 जुलाई को मुक्ताकाशी मंच से संगीतमय श्रद्धांजलि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्री, सांसद, विधायक और लोक कलाकार होंगे शामिल
रायपुर, 06 जुलाई 2026। पंडवानी की महान साधिका, पद्म विभूषण एवं डी.लिट. से सम्मानित डॉ. तीजन बाई को 8 जुलाई को संस्कृति विभाग द्वारा संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पद्मश्री एवं राज्य अलंकरण से सम्मानित कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति कर्मी और बड़ी संख्या में कला प्रेमी शामिल होंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित लोक कलाकार गीत, संगीत, पंडवानी और लोकगायन की प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके अद्वितीय कला-सफर, संघर्ष और पंडवानी को विश्व पटल तक पहुंचाने में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण किया जाएगा।
5 जुलाई 2026 को उनके निधन से छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई। डॉ. तीजन बाई ने अपनी दमदार आवाज, प्रभावशाली अभिनय और कपालिक शैली की अनूठी प्रस्तुति से पंडवानी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। पांच दशक से अधिक समय तक उन्होंने महाभारत की कथाओं को जीवंत कर लोककला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उनकी कला साधना के लिए उन्हें पद्मश्री, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, पद्मभूषण, फुकुओका पुरस्कार, पद्म विभूषण सहित अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया।
यह श्रद्धांजलि समारोह उनकी अमर लोक-साधना और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नमन करने का अवसर होगा।
