व्याख्याता शांति सोनी के जनजागरण अभियान को मिला महापौर का सम्मान, प्रेरक मित्र एवं प्रशिक्षार्थी हुए सम्मानित
बिलासपुर/महमंद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद की व्याख्याता श्रीमती शांति सोनी द्वारा ग्रीष्मावकाश के दौरान अपने स्वयं के व्यय से आयोजित निःशुल्क समर कैंप में समाजहित की अनेक प्रेरणादायी गतिविधियों का सफल संचालन किया गया। इस समर कैंप में ब्यूटी पार्लर एवं सिलाई प्रशिक्षण के साथ-साथ "नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो", "जल संरक्षण–जल संचयन" तथा "मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन जागरूकता" जैसे महत्वपूर्ण जनजागरण अभियानों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
इन अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले प्रेरक मित्रों एवं प्रशिक्षार्थियों का नगर निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी के करकमलों से सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. के.के. श्रीवास्तव (संस्थापक, लायंस क्लब कैपिटल), गोविंद तिवारी (अध्यक्ष, भारत स्वाभिमान न्यास), डॉ. लव कुमार श्रीवास्तव, डॉ. आर.के. यादव, डॉ. पी.के. शर्मा तथा श्री नरेंद्र सिंह चंदेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने व्याख्याता शांति सोनी के सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि समाज में निस्वार्थ भाव से जनजागरण और सकारात्मक परिवर्तन का कार्य करने वाले व्यक्तित्व अत्यंत प्रेरणादायी होते हैं। उन्होंने कहा कि शांति सोनी का यह अभियान महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, जनस्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि शांति सोनी के नेतृत्व में संचालित यह जनजागरण अभियान केवल बिलासपुर जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न माध्यमों से पूरे छत्तीसगढ़ में निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान से हजारों महिलाएँ, युवा, विद्यार्थी एवं आम नागरिक लाभान्वित होकर सामाजिक परिवर्तन के सहभागी बन रहे हैं।
समारोह के दौरान सम्मानित सभी प्रतिभागियों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। सभी ने समाजहित के इन जनजागरण अभियानों को और व्यापक स्तर तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया। यह आयोजन समाज सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।






