वसुंधरा इको क्लब की अनूठी पहल: 10 हजार से अधिक सीड बॉल तैयार, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 बिलासपुर (महमंद)। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महमंद (विकासखंड बिल्हा) के वसुंधरा इको क्लब द्वारा एक प्रेरणादायी एवं अभिनव अभियान चलाया गया। विद्यालय की व्याख्याता एवं वसुंधरा इको क्लब प्रभारी श्रीमती शांति सोनी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के सामूहिक सहयोग से 10,000 से अधिक सीड बॉल (बीज गोले) तैयार किए गए। यह पहल हरित भविष्य के निर्माण, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दे रही है।













अभियान के तहत करंज, इमली, बेल, आम और जामुन जैसे देशी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण वृक्षों के बीजों का चयन किया गया। सीड बॉल निर्माण के लिए तीन भाग उपजाऊ मिट्टी, एक भाग गोबर और एक भाग वर्मी कम्पोस्ट का वैज्ञानिक अनुपात अपनाया गया, जिससे बीजों के सुरक्षित संरक्षण और बेहतर अंकुरण की संभावना बढ़ सके।

श्रीमती शांति सोनी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, समर्पण और श्रमदान के साथ इस अभियान को सफल बनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकों, विशेष रूप से विद्यार्थियों की माताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। उनकी भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि पर्यावरण संरक्षण तभी सफल हो सकता है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाए।

यह अभियान केवल सीड बॉल तैयार करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरणीय चेतना, श्रम की गरिमा, सामाजिक उत्तरदायित्व और सतत विकास की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी बना। विद्यालय परिसर में इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का नया वातावरण तैयार किया।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती शांति सोनी लंबे समय से विद्यालय स्तर पर हरित गतिविधियों, वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता और प्रकृति संरक्षण से जुड़े नवाचारों का सफल संचालन करती आ रही हैं। उनके नेतृत्व में संचालित यह अभियान न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।

स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इस अभिनव प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post