आईपीएस राजेश अग्रवाल की माताजी के नाम पर हुआ पौधरोपण, "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 बिलासपुर। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत श्री श्री 1008 सत्यनारायण बाबाजी (रायगढ़) के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर दानवीर भामाशाह भवन परिसर, चकरभाठा बोदरी में प्रेरणादायी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर रवि साहू एवं सोनिया साहू ने पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) राजेश अग्रवाल जी की माताजी उर्मिला बाई अग्रवाल जी के नाम पर पौधरोपण कर मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।











कार्यक्रम का उद्देश्य "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को अपनी मां के नाम पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना था। आयोजन में कहा गया कि मां जीवन का आधार होती हैं और वृक्ष पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। इसलिए दोनों के सम्मान में किया गया यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है।


श्री श्री 1008 सत्यनारायण बाबाजी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

















इस अवसर पर रवि साहू और सोनिया साहू ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य बनाने का एक सामाजिक संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और सामाजिक सहभागिता के संदेश के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।