वन्दे मातरम् मित्र मण्डल की 257वीं साप्ताहिक बैठक सम्पन्न: हिंदुत्व, राष्ट्र सेवा और सामाजिक जागरण का लिया संकल्प, सातवीं शाखा का हुआ शुभारंभ

 बिलासपुर। वन्दे मातरम् मित्र मण्डल की 257वीं साप्ताहिक बैठक रविवार को शांति नगर स्थित 'चंदा गोविन्द पैलेस' में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और हिंदुत्व के मूल्यों को समर्पित इस आयोजन में बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, चिकित्सक, उद्योगपति, व्यवसायी, समाजसेवी, युवा एवं संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू रहे, जिन्होंने संगठन की कार्यशैली और राष्ट्रहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला अभियान बताया।















कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संगठन गीत, वन्दे मातरम् के उद्घोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

हिंदुत्व केवल पहचान नहीं, जीवन का आचरण है : सौमित्र गुप्ता

विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदुत्व केवल बाहरी पहचान का विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने विचार, व्यवहार और कर्म से हिंदुत्व को अपनाए, तभी समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है।

उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि सनातन संस्कृति के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाया जाए और समाज के अंतिम व्यक्ति तक राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना का संदेश पहुँचे। उन्होंने सभी सदस्यों से सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

संगठन लगातार बढ़ रहा, शांति नगर में सातवीं शाखा का शुभारंभ

वन्दे मातरम् मित्र मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र जैन ने संगठन की यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2021 से प्रारंभ हुआ यह अभियान आज जन-जन का अभियान बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के कठिन समय ने समाज को एकजुट होकर सेवा करने की प्रेरणा दी और उसी भावना से संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बिलासपुर में अब तक छह साप्ताहिक शाखाएँ सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं तथा अब शांति नगर में सातवीं साप्ताहिक शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया है। इस नई शाखा का संचालन प्रफुल्ल मिश्रा करेंगे।

महेंद्र जैन ने कहा कि संगठन समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ राष्ट्रहित एवं सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता सेवा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से लोगों को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

राष्ट्र निर्माण में सामाजिक संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण : तोखन साहू

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने वन्दे मातरम् मित्र मण्डल की कार्यशैली की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन जिस समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य कर रहा है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि वन्दे मातरम् मित्र मण्डल की सकारात्मक ऊर्जा केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव पूरे छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित के बड़े निर्णयों और भारत की सांस्कृतिक अस्मिता को सशक्त बनाने में राष्ट्रवादी विचारधारा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

तोखन साहू ने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा जब समाज के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और जिम्मेदारी की भावना होगी। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक संगठन राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं।

विभिन्न वक्ताओं ने रखे अपने विचार

बैठक में सौरभ दुवे, सुनील चौहान, डॉ. जेठू साहू, विमलेश मिश्रा, माधव गोविन्द गुप्ता, डॉ. नंदनी गुप्ता, संतोष गुप्ता तथा डॉ. चंद्र प्रभा गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने राष्ट्र सेवा, सामाजिक एकता, भारतीय संस्कृति के संरक्षण, युवाओं में संस्कार निर्माण तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों का हुआ सम्मान

बैठक के दौरान पिछले सप्ताह जन्मदिन मनाने वाले संगठन के सदस्यों का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया तथा सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।

राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा पूरा आयोजन

कार्यक्रम में नरेंद्र यादव ने संगठन गीत एवं शपथ का संचालन किया, जबकि जय सिंह चंदेल ने राष्ट्रगीत की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्रफुल्ल मिश्रा ने किया तथा अंत में शांति नगर समिति के अध्यक्ष एस.के. मिश्रा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पाँच वर्षों से लगातार चल रही है साप्ताहिक बैठक

उल्लेखनीय है कि वन्दे मातरम् मित्र मण्डल पिछले लगभग पाँच वर्षों से प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से साप्ताहिक बैठक आयोजित कर रहा है। इन बैठकों में शहर के प्रतिष्ठित नागरिक, बुद्धिजीवी, चिकित्सक, उद्योगपति, व्यवसायी, समाजसेवी एवं विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर राष्ट्र, समाज और संस्कृति से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करते हैं।

संगठन का उद्देश्य सामाजिक समरसता, राष्ट्रप्रेम, सेवा, सांस्कृतिक जागरण और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। शांति नगर में सातवीं शाखा के शुभारंभ के साथ संगठन ने अपने विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है, जिससे आने वाले समय में अधिक से अधिक लोग इस सामाजिक अभियान से जुड़ सकेंगे।