रायपुर, 22 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में आयोजित एक रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस बल पर अचानक पथराव और बोतलबाजी की घटना में 16 पुलिस जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक भी शामिल हैं, जबकि दो पुलिस जवानों को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, रैली के दौरान पुलिस बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक पत्थर और बोतलें फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से सभी घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की जानकारी ली तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है और उनका इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
अस्पताल में पुलिस कमिश्नर के साथ पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



