मुख्यमंत्री से लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर की तैयारियों पर हुई चर्चा

 रायपुर, 22 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर आगामी 18, 19 और 20 सितंबर को आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया।










मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ-साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि रायपुर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित होने वाला इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और व्यापार विस्तार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश का सबसे बड़ा लघु उद्यमी संगठन है, जो सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को सशक्त बनाने तथा उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है।

उन्होंने जानकारी दी कि 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। आयोजन के दौरान आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और व्यापार विस्तार से जुड़े नए अवसरों पर विशेष फोकस रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊर्जा देने के साथ प्रदेश को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

बैठक में प्रकाश चंद्र गुप्त (राष्ट्रीय संगठन मंत्री), नरेश पारख (संयुक्त महासचिव), समीर (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), सी. पी. दुबे (प्रांत अध्यक्ष), पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी उपस्थित रहे।