भराना स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम में सप्तदिवसीय महाआयोजन से पूर्व सत्संग भवन का हुआ विधिवत पूजन, 15 जुलाई से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

 सिकंदराबाद। सिकंदराबाद क्षेत्र के ग्राम भराना स्थित गंग नहर किनारे अवस्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम में रविवार को आगामी सप्तदिवसीय धार्मिक महाआयोजन से पूर्व नव-निर्मित "श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम सत्संग भवन" का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भव्य पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।




















आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर आश्रम में 15 जुलाई से 21 जुलाई तक सात दिवसीय विराट धार्मिक आयोजन होगा। इस दौरान चारों वेदों की स्थापना, 1108 श्री सत्यनारायण व्रत कथा के मूल पाठ, नित्य रुद्राभिषेक, सत्संग, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को प्रातः 8 बजे आश्रम से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो भराना गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः आश्रम परिसर पहुंचेगी। शोभायात्रा में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहने की उम्मीद है।

आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय ने कहा कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, सत्संग, कथा, पूजा-पाठ एवं कीर्तन के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागृति लाने के उद्देश्य से सिकंदराबाद के प्रसिद्ध यश राज हॉस्पिटल के डॉ. नरेश शर्मा एवं उनकी माताजी द्वारा श्री नर्मदेश्वर महादेव आश्रम सत्संग भवन का निर्माण कराया गया है। यह भवन श्रद्धालुओं के लिए सत्संग, धार्मिक अनुष्ठानों एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर श्री श्री 1008 परम पूज्यनीय गुरुदेव भगवान स्वरूप वेदमूर्ति स्वामी श्री फलारी जी महाराज, आश्रम पीठाधीश्वर ने डॉ. नरेश शर्मा, उनकी माताजी एवं पूरे परिवार को इस पुण्य कार्य के लिए आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन तथा यश-कीर्ति में निरंतर वृद्धि की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और धर्म सेवा का यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

स्वामी श्री फलारी जी महाराज ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह संभवतः पहला ऐसा आश्रम होगा, जहां चारों वेदों की विधिवत स्थापना, 1108 श्री सत्यनारायण व्रत कथा के मूल पाठ तथा प्रतिदिन रुद्राभिषेक जैसे दिव्य धार्मिक अनुष्ठान एक साथ संपन्न होंगे।

पूजन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सहकार्यवाह योगेंद्र शर्मा, खंड संघ चालक मनोज पवारिया, कैप्टन खेमचंद, ब्रह्म सिंह भगत, प्रमोद गिरी, धर्मेंद्र प्रधान, संजय नेता, प्रमोद महासय, पवन गुरु सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत प्रसाद वितरण की व्यवस्था में रोहित, पिंटू, डिप्टी, राजू तंवर, अशोक जीते सहित आश्रम सेवा समिति के अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी भी कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

अंत में वेदमूर्ति स्वामी श्री फलारी जी महाराज एवं आचार्य पंडित आशीष उपाध्याय ने समस्त सनातन धर्मावलंबियों से 15 जुलाई को आयोजित भव्य शोभायात्रा एवं सप्तदिवसीय धार्मिक महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जो श्रद्धालु इस महायज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों में यजमान बनना चाहते हैं, वे आश्रम सेवा समिति से संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

यह सप्तदिवसीय आयोजन क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला एक ऐतिहासिक महोत्सव माना जा रहा है।