छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ जिला इकाई बिलासपुर का निर्वाचन संपन्न, प्रभात सोनछत्र बने जिलाध्यक्ष
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की जिला इकाई बिलासपुर का वर्ष 2026-27 का निर्वाचन सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। बिलासपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक एवं स्वागत समारोह के दौरान पत्रकारों के हित, अधिकार, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन को जिलेभर में और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया प्रदेश महासचिव शशांक दुबे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महेश कुमार तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राधेश्याम कोरी, प्रदेश संगठन सचिव डॉ. संजय चक्रधारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संतोष साहू, सोमनाथ चंद्रा तथा निर्वाचन प्रभारी ओमप्रकाश साहू की उपस्थिति में शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुई।
निर्वाचन में जिला इकाई बिलासपुर के नवीन पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें प्रभात सोनछत्र को जिलाध्यक्ष, लता गुप्ता को उपाध्यक्ष, सागर सोनी को महासचिव, पुष्पा साहू को संगठन सचिव तथा नीरज साहू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रभात सोनछत्र ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार एवं कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को जिले के प्रत्येक पत्रकार तक पहुंचाकर उसे और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि पत्रकारों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक में उपस्थित पत्रकार साथियों ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष प्रभात सोनछत्र एवं उनकी पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगी तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए मजबूती से कार्य करेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता विस्तार अभियान तथा जिलेभर में संगठन को मजबूत करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए पत्रकार एकता को और सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया।























