रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति बैठक बुधवार को भामाशाह छात्रावास, टिकरापारा रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश, जिला एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, समाज के वरिष्ठजनों तथा ग्रामीण अंचलों से आए समाजबंधुओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सामाजिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। इस दौरान समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विशेष रूप से युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ठोस योजनाओं पर मंथन किया गया। साथ ही सामाजिक भवनों की उपयोगिता, समाज में आपसी समन्वय, पर्यावरण एवं जल संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संस्कार और संगठन में निहित होती है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति शिक्षा, सेवा और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़े, तो समाज निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
बैठक में समाज को संगठित एवं संस्कारित बनाने, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक भवनों की समीक्षा, युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, माता राजिम जयंती समारोह तथा आगामी सामाजिक आयोजनों की रूपरेखा सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश स्तरीय इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश साहू, तिलक साहू एवं साधना साहू, प्रदेश संगठन सचिव सुनील साहू, प्रदेश महामंत्री चित्ररेखा साहू, उद्यो प्रसाद साहू, राजेश साहू, युवा प्रकोष्ठ संयोजक शशिकांत साहू, महिला प्रकोष्ठ संयोजिका दिव्या कल्यारी, किसान प्रकोष्ठ संयोजक चोवाराम साहू, रायपुर राजधानी कार्यवाहक जिला अध्यक्ष दिलीप साहू सहित प्रदेशभर के जिला अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा, संगठन, संस्कार और आपसी सहयोग ही समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। समाज तभी प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनेगा।
— प्रदीप साहू
प्रदेश संयुक्त सचिव
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ




