हाईवे पर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

 बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, एक धारदार चाकू, 74 लीटर डीजल तथा नगदी रकम बरामद की है। पुलिस का दावा है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है और पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।















पुलिस के अनुसार, थाना सिरगिट्टी एवं थाना कोनी क्षेत्र में दर्ज डीजल चोरी और लूटपाट के मामलों की जांच के दौरान यह बड़ी सफलता मिली। 18 मई 2026 को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर आरोपियों ने वाहन चालक के साथ मारपीट भी की थी। वहीं 24 मई को कोनी क्षेत्र में एक ट्रेलर की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया था। इसके अलावा 28 मार्च को ग्राम सेंदरी के पास खड़े ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी होने का मामला भी सामने आया था।

लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू एवं थाना सिरगिट्टी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूर्व घटनाओं का विश्लेषण कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार कुर्रे (30 वर्ष), मणीशंकर कुर्रे (24 वर्ष) और अमित भारद्वाज (29 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बगडबरी के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से रात के समय हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कबीरधाम, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और बिलासपुर के कोनी हाईवे क्षेत्र में भी इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन और 600 रुपये नगद, संजय कुर्रे के पास से स्कार्पियो वाहन, धारदार चाकू और 800 रुपये नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के पास से 1200 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों से 74 लीटर डीजल भी जब्त किया गया है।

जांच में आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के अपराध क्रमांक 264/2026 और 119/2026 में भी पाई गई है, जिसके बाद उन मामलों में भी विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।