दीर्घ प्रशासनिक सेवाओं के बाद आईएएस महादेव कावरे को भावभीनी विदाई सहकारिता विभाग में सम्मान समारोह आयोजित, अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं,

 रायपुर, 30 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं आयुक्त सहकारिता तथा पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री महादेव कावरे के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को नवा रायपुर में गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सहकारिता विभाग राजपत्रित अधिकारी संघ एवं अपेक्स बैंक एम्प्लाइज यूनियन द्वारा आयोजित इस समारोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान को स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी।















कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि श्री महादेव कावरे ने अपने लंबे प्रशासनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में सहकारिता विभाग ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से आम लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सफलता प्राप्त की।

बीजापुर जिले के मूल निवासी श्री कावरे की प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा बीजापुर में ही हुई। उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के साथ की और रक्षा, रेलवे तथा राज्य प्रशासनिक सेवा में उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एसडीएम, एनआरडीए महाप्रबंधक, बेमेतरा एवं जशपुर जिले के कलेक्टर तथा रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कमिश्नर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया।

श्री कावरे ने सचिव आवास एवं पर्यावरण, सचिव आबकारी, गृह विभाग तथा संचालक कोष एवं लेखा जैसे अहम विभागों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनके प्रशासनिक अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व ने शासन-प्रशासन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से सहकारिता विभाग में उनके कार्यकाल को पारदर्शी कार्यप्रणाली, नवाचार और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।

सम्मान समारोह में विभाग के अपर आयुक्त एवं अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री के.एन. कांडे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री कावरे के प्रशासनिक योगदान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की कामना की।

अपने उद्बोधन में श्री महादेव कावरे ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं के दौरान मिले अनुभव और सहयोग को वे सदैव स्मरण रखेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन श्री कावरे के सम्मान, स्मृति चिन्ह भेंट एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।