सुशासन तिहार में भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते ने ही खोली सरकार के दावों की पोल : कांग्रेस


रायपुर, 09 मई 2026। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते द्वारा अधिकारियों पर जनता का काम नहीं करने के लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा विधायक ने स्वयं ही सुशासन तिहार के मंच से सरकार के सुशासन के दावों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि जब विधायक सार्वजनिक मंच से अधिकारियों-कर्मचारियों पर जनता का काम नहीं करने और जनता के श्राप से घमंड टूटने जैसी बातें कह रही हैं, तो यह सीधे तौर पर भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाता है।








कांग्रेस ने कहा कि जनता ने अधिकारियों को नहीं, बल्कि भाजपा को सरकार चलाने के लिए चुना है। ढाई साल की भाजपा सरकार “ट्रबल इंजन” बन चुकी है। प्रदेश के लगभग हर विभाग में अव्यवस्था और अराजकता का माहौल है। जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिसकी मुख्य वजह कमजोर नेतृत्व, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी में डूबी सरकार है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने सुशासन तिहार को केवल दिखावा और ढकोसला बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष आयोजित सुशासन तिहार में 44 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें राजस्व, पीडब्ल्यूडी, परिवहन, बिजली, जल संसाधन, नगरीय प्रशासन, पंचायत, कृषि और खाद्य विभाग सहित अनेक विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं, जिनका आज तक समाधान नहीं हो सका है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी जनता उन्हीं समस्याओं को लेकर सुशासन तिहार में पहुंच रही है, लेकिन मंच पर मौजूद मंत्री, विधायक और अधिकारी जवाब देने में असहाय नजर आ रहे हैं। स्थिति ऐसी है कि समस्याओं के समाधान के बजाय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाली जा रही है और जनता परेशान होकर भटक रही है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब भाजपा विधायक स्वयं स्वीकार कर रही हैं कि अधिकारी-कर्मचारी जनता का काम नहीं कर रहे, तो इसके लिए आखिर जिम्मेदार कौन है? सरकार प्रशासन पर नियंत्रण रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है और आम जनता लगातार परेशान हो रही है।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि आज चुनाव हो जाए तो जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी। प्रदेश में सुशासन केवल भाषणों और प्रचार तक सीमित है, जबकि जमीनी हकीकत में कुशासन, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी हावी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post